Noida Fire : नोएडा के मामूरा में ई-वाहन चार्ज करते समय लगी भीषण आग, महिला समेत दो की मौत; मकान मालिक गिरफ्तार
अमृत विचार, डिजिटल डेस्क। नोएडा के मामूरा गांव में बुधवार दोपहर को एक इमारत के भूतल में इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करने के दौरान एक इमारत में आग लग जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना फेज- 3 क्षेत्र के मामूरा गांव के गली नंबर-2 में बुधवार दोपहर एक मकान के भूतल पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने के दौरान अचानक चिंगारी निकली। इस घटना में उक्त ई-वाहन और आसपास खड़े अन्य वाहनों में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। चौबे ने बताया कि सूचना मिलने पर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म और आग बुझाने के उपकरण के साथ दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाया।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और उक्त परिसर में रहने वाले 50 से अधिक लोगों को पुलिस और दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि धुएं के कारण मूर्छित हुई एक महिला और एक पुरुष को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि थाना फेज-3 पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कुछ लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस और फायर विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच करेंगे।
बिल्डिंग मालिक हिरासत में, ईवी चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से आग लगने की आशंका
एडिशनल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) नोएडा राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी, वह जी+4 (ग्राउंड प्लस चार मंजिला) भवन है। ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग थी, जबकि प्रत्येक मंजिल पर करीब 12 परिवार रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) की चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मामले में फेज-3 थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आग पर काबू, सभी लोग सुरक्षित रेस्क्यू; दो गंभीर घायलों का जिला अस्पताल में इलाज
पुलिस के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। बिल्डिंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
अग्निकांड का CM योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव की पीजी बिल्डिंग में हुए भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और बचाव अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने और सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा है।N मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस और फायर विभाग के अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी करने तथा स्थिति पर नजर बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।
