मानसून की रफ्तार पकड़ने की उम्मीद, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; गर्मी और उमस से मिलेगी राहत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नई दिल्ली/लखनऊ। देश के कई हिस्सों में कमजोर पड़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून अब एक बार फिर सक्रिय होने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 17 जुलाई के बाद दक्षिण भारत और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मानसून के दोबारा जोर पकड़ने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

दक्षिण भारत में 17 जुलाई के बाद बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में कमजोर पड़ा मानसून 17 जुलाई के बाद फिर सक्रिय हो सकता है। इसके चलते केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में फिलहाल मानसून कमजोर रहने के पीछे कई कारण हैं। भूमध्य रेखा के पार से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाओं की कमजोरी, अरब सागर के ऊपर कमजोर निम्न-स्तरीय जेट और अल नीनो की बनती परिस्थितियों ने मानसूनी गतिविधियों को प्रभावित किया है। इसके कारण अरब सागर से नमी का प्रवाह कम हुआ और केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना में बारिश प्रभावित रही।

तमिलनाडु, आंध्र और तेलंगाना में लू का असर

मानसून कमजोर रहने के कारण कई क्षेत्रों में बादल बनने की प्रक्रिया सीमित रही और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ इलाकों में लू की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 850 हेक्टोपास्कल स्तर पर निम्न-स्तरीय जेट के शुक्रवार के आसपास मजबूत होने की संभावना है। इससे अरब सागर से नमी का प्रवाह बढ़ेगा और दक्षिण भारत में मानसून की गतिविधियां तेज होंगी।

17 जुलाई से पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में भी मानसून के दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ेगा। 15 और 16 जुलाई को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि इस दौरान कई जिलों में उमस और गर्मी बनी रह सकती है।

इन तारीखों में भारी बारिश का अलर्ट

17 और 18 जुलाई पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना

19 से 21 जुलाई मानसून और अधिक सक्रिय रहने का अनुमान 

इस दौरान पूर्वी यूपी के अधिकांश हिस्सों और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज बारिश के दौरान जलभराव, बिजली गिरने और यातायात प्रभावित होने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली में हल्की बारिश, बादल छाए रहने का अनुमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान: 24.2 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड 28.4 डिग्री सेल्सियस, रिज 26.4 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।  दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 159 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

राजस्थान में कमजोर मानसून, कुछ जगह हल्की बारिश के आसार

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में अलवर में सबसे अधिक 18 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गंगानगर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरोही में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

जम्मू-कश्मीर में बारिश के बीच हादसा, पत्थर गिरने से पूर्व सरपंच की मौत

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बारिश के मौसम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरने से पूर्व सरपंच मोहम्मद इकबाल तंत्रे (60) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, तंत्रे अपनी कार से सेरी गांव से रामबन शहर जा रहे थे। इसी दौरान त्रिशूल मोड़ के पास पहाड़ी से पत्थर गिरकर उनकी कार पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल तंत्रे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यात्रियों को मानसून के दौरान जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील हिस्सों से गुजरते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें : 
UP Weather: लखनऊ में बारिश के बाद बढ़ी उमस, जानिए यूपी में कब दोबारा सक्रिय होगा मानसून

संबंधित समाचार