पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री की सेल्फी वायरल, अल्बनीज बोले -'हमने मिलकर लिखी सफलता की कहानी'

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमृत विचार : पीएम मोदी सोमवार को तीन देशोंं इंडोनेशिया, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर रवाना हुए थे। पीएम नरेन्द्र मोदी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार देर शाम आस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गये जहां हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर मेलबर्न की यात्रा कर रहे हैं, वह दोनों नेता द्विपक्षीय वार्ता में भाग लेगें इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे। 

सेल्फी हुई वायरल 

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने उनके साथ एक सेल्फी क्लिक की और इसे सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा करते हुए दोनों देशों के गहराते आर्थिक व व्यापारिक संबंधों पर खुशी जताई।

'हम साथ मिलकर अपनी अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ा रहे हैं'

ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पीएम मोदी के साथ सेल्फी पोस्ट करते हुए लिखा

"हम साथ मिलकर अपनी अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ा रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया और भारत के व्यवसायों को समर्थन दे रहे हैं। हमारे लोगों के बीच के आपसी संबंधों ने हमारे कई व्यावसायिक सफलताओं की कहानियों को संभव बनाया है।"

 

भारत और ऑस्ट्रेलिया 'व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते' CECA

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद दोनों देश 'व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते' (CECA) को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने पर सहमत हो गए हैं। पीएम मोदी ने इस द्विपक्षीय बातचीत के बाद खुद इसकी घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया अपने व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए दोनों देश पूर्व में हुए आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते (ECTA) की मजबूत नींव का लाभ उठाते हुए प्रस्तावित सीईसीए (CECA) पर बातचीत की गति को और तेज करेंगे। इस समझौते के पूरा होने से दोनों देशों के व्यवसायों, निवेशकों और उद्योग जगत के लिए नए और व्यापक अवसर पैदा होंगे।
 

रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई ऊर्जा

इससे पहले मेलबर्न पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी यात्रा रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊर्जा देगी । उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ वार्ता के लिए उत्सुक हैं। आस्ट्रेलिया की तीन दिन की यात्रा के बाद वह न्यूजीलैंड रवाना होंगे।  

पीएम मोदी ने कहा," मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया पहुंचा। यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया समग्र रणनीतिक साझेदारी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। मैं प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ होने वाली वार्ता की प्रतीक्षा कर रहा हूं। मुझे भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद करने का अवसर भी मिलेगा, जो हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।" 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने का बृहस्पतिवार को आह्वान करते हुए ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों से भारत में निवेश बढ़ाने और प्रस्तावित सीईसीए को शीघ्र अंतिम रूप देने की अपील की। मोदी ने मेलबर्न में 'ऑस्ट्रेलिया-इंडिया सीईओ फोरम' और 'इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने इन कार्यक्रमों को अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त रूप से संबोधित किया। 

ये भी पढ़ें : 
PM Modi in Australia: ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को पीएम मोदी का बड़ा संदेश, भारत में निवेश के सुनहरे अवसरों का दिया न्योता

संबंधित समाचार