हरदोई में दूसरी शादी का बवाल! पहली पत्नी ने बेड के नीचे छिपी युवती को पकड़कर पहुंचाया कोतवाली
चार साल से पति-पत्नी के बीच मुकदमेबाजी जारी, अदालत का फैसला आने से पहले दूसरी शादी का आरोप; पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी।
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दूसरी शादी के आरोप को लेकर रविवार सुबह जमकर हंगामा हो गया। पति-पत्नी के बीच पिछले चार वर्षों से कानूनी विवाद चल रहा है। इसी दौरान पहली पत्नी को पति की दूसरी शादी की सूचना मिली तो वह ससुराल पहुंच गई। वहां एक कमरे में बेड के नीचे छिपी मिली युवती को बाहर निकालकर सीधे कोतवाली ले गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के आशा नगर निवासी प्रशांत शर्मा की शादी करीब सात वर्ष पहले मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मगरहा राघौपुर निवासी दिशा शर्मा से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। पिछले चार वर्षों से पति-पत्नी के बीच विभिन्न मामलों को लेकर मुकदमे चल रहे हैं और दिशा अपने मायके में रह रही हैं।
दूसरी शादी की सूचना मिलने पर पहुंची ससुराल
दिशा शर्मा का आरोप है कि अदालत से अभी तक वैवाहिक विवाद पर कोई अंतिम फैसला नहीं आया है। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति ने दूसरी शादी कर ली है। सच्चाई जानने के लिए वह शनिवार को ससुराल पहुंचीं, लेकिन परिवार की ओर से उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
पड़ोसी की छत से घर में पहुंची
दिशा के अनुसार, पड़ोसियों से मिली जानकारी के बाद उनका संदेह और गहरा गया। उन्होंने पूरी रात पड़ोस के एक मकान में बिताई और रविवार सुबह उसी मकान की छत के रास्ते अपने ससुराल में दाखिल हुईं। आरोप है कि वहां एक कमरे में बेड के नीचे छिपी एक युवती मिली, जिसे उन्होंने बाहर निकाल लिया। इसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया और युवती को लेकर वह शहर कोतवाली पहुंच गईं।
पुलिस कर रही पूछताछ
सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक पति प्रशांत शर्मा का पता नहीं चल सका था। पुलिस हिरासत में लाई गई युवती से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः Hardoi News : गोवा से शुरू हुई लव स्टोरी का खौफनाक अंत, प्रेमी के बाद अब प्रेमिका ने भी दी जान, जानें पूरा मामला
