Bareilly News : श्यामगंज बाजार में टुकड़ों में काम... उड़ रही धूल, लगा रहा जाम
रोड पर फैली बजरी से फिसल रहे वाहन चालक, व्यापार हो रहा चौपट... व्यापारी बोले- दुकान तक न ग्राहक आ रहे, न माल ही उतर पा रहा
बरेली, अमृत विचार। शहर के सबसे व्यस्त श्यामगंज किराना बाजार के व्यापारी परेशानी से जूझ रहे हैं। टुकड़ों में हो रहा काम उनकी मुश्किलों को बढ़ा रहा है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा। रोड पर फैली बजरी से वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। श्यामगंज चौराहा से साहू गोपीनाथ स्कूल तक चार महीने पहले पेयजल पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़क किसी तरह बन पाई तो अब नगर निगम ने दोबारा नाली और पटरी का निर्माण शुरू करा दिया है।
व्यापारियों का कहना है कि अब काम तो करीब-करीब पूरा हो गया, लेकिन बीच सड़क पर ही बजरी के ढेर छोड़ दिए गए हैं। यह बिखरी बजरी हर पल बड़े हादसों को न्योता दे रही है। यहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालक लगातार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इस अव्यवस्था से व्यापारी और आम जनता दोनों त्रस्त हैं, लेकिन निगम प्रशासन इस गंभीर खतरे को देखकर भी पूरी तरह अनजान बना है। दिनभर उड़ती धूल और भीषण जाम से हर कोई परेशान है।
व्यापारियों का कहना है कि ग्राहक दुकानों पर आने से बच रहे हैं। बार-बार शहर के मुख्य बाजार में इस तरह टुकड़ों में काम कराने से बाजार बेजार होता नजर आ रहा है। उन्होंने नगर निगम से जल्द से जल्द सड़क साफ कराने और व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
अव्यवस्थित निर्माण कार्य ने किराना बाजार का दम घोट दिया है। पैदल चलने तक का रास्ता नहीं बचा है। धूल और प्रदूषण से हम सभी व्यापारी बीमार हो रहे हैं। ठेकेदार के काम की रफ्तार बेहद धीमी है। -अजय माहेश्वरी, व्यापारी
शहर के किराना बाजार में हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। रही बची कसर इस बजरी ने पूरी कर दी। इस बिखरी बजरी ने पूरे श्यामगंज बाजार को एक खतरनाक एक्सीडेंट जोन में तब्दील कर दिया है। -रवि, व्यापारी
इस रास्ते से गुजरना किसी जंग जीतने जैसा है। कल उनकी स्कूटी बजरी के कारण फिसल गई थी। गनीमत रही कोई गंभीर चोटी नहीं आई। निगम की लापरवाही का खामियाजा जनता भुगत रही है। -अनिमेष, राहगीर
यह शहर का सबसे बड़ा किराना बाजार है। पैदल चलने वालों के लिए नरक जैसी स्थिति है। निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। इस सड़क को सुरक्षित बनाया जाना बेहद जरूरी है। -प्रांजल, राहगीर
श्यामंगज में सड़क किनारे पटरी बनाई जा रही है। यह काम लगभग पूरा हो चुका है। दो से तीन दिन में सड़क पर जगह-जगह फैली बजरी समेत अन्य निर्माण सामग्री नजर नहीं आएगी। -मनीष, जेई निर्माण विभाग, नगर निगम।
