Gonda News : गोंडा में एक्सपायरी ब्लड का काला कारोबार, 8 आरोपी गिरफ्तार; मासूमों की जिंदगी से कर रहे थे खिलवाड़

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा पुलिस ने अस्पतालों के बाहर अवैध रूप से खून बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर 253 फर्जी ब्लड बैंक कार्ड, सिरिंज और मोबाइल बरामद किए गए। गिरोह पर एक्सपायरी ब्लड बेचकर मरीजों की जान जोखिम में डालने का आरोप है।

गोंडा, अमृत विचार : अस्पतालों के बाहर मजबूरी का फायदा उठाकर अवैध रूप से रक्त की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े अंतरजनपदीय गिरोह का कोतवाली नगर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस काले धंधे में शामिल गिरोह के आठ शातिर  को चांदमारी पुलिया घोसियाना के पास से गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में कूटरचित फर्जी ब्लड बैंक कार्ड और सिरिंज बरामद हुए हैं। यह गिरोह सीधे-साधे तीमारदारों को एक्सपायरी और अनुपयुक्त खून बेचकर उनकी जान से खिलवाड़ कर रहा था।

खरगूपुर इलाके के ग्राम परसा निवासी वली मोहम्मद ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बीते 4 जुलाई को उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती थी, जिन्हें खून की सख्त जरूरत थी। इसी दौरान अस्पताल के बाहर घात लगाए बैठे आरोपी ऋषिकेश अवस्थी ने उनसे संपर्क किया और ₹12,500 में खून का इंतजाम करने का सौदा कर लिया।

वली मोहम्मद ने ₹10,000 ऑनलाइन और ₹2500 नगद दे दिए, लेकिन जब डॉक्टरों ने उस खून की जांच की तो उसे संदिग्ध और अनुपयुक्त पाते हुए मरीज को चढ़ाने से मना कर दिया। तीमारदार ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने न तो पैसा लौटाया और न ही दूसरा खून दिया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।नगर कोतवाली के ​प्रभारी निरीक्षक विन्द्देश्वरी मणि त्रिपाठी की टीम ने जब तफ्तीश शुरू की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। रविवार को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के 8 सदस्यों को दबोच लिया।

9 वर्षीय बच्ची को भी बेचा गया था एक्सपायरी ब्लड

पूछताछ में पता चला कि आरोपी अभिषेक सिंह और सौरभ श्रीवास्तव पड़ोसी जिले बलरामपुर में एक ब्लड बैंक का संचालन करते हैं। गिरोह के अन्य सदस्य गोंडा के विभिन्न अस्पतालों के बाहर घूमकर ऐसे तीमारदारों की तलाश करते थे, जिन्हें खून की आपातकालीन जरूरत होती थी। आरोपी उन्हें झांसा देकर अवैध रूप से लाया गया खून ऊंचे दामों पर बेच देते थे। पूछताछ में यह बेहद डरावना सच भी सामने आया कि इसी गिरोह ने कोतवाली नगर क्षेत्र में इलाज करा रही एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची को भी एक्सपायरी  खून बेच दिया था, जिससे उसकी जान पर बन आई थी। इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। ​

253 फर्जी ब्लड बैंक कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध सामग्रियां बरामद की है जिसमें ​कूटरचित ब्लड बैंक कार्ड 253,​ डिस्पोजल सिरिंज 10, ​मोबाइल फोन 09 है। ​गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्तार निवासी साहबगंज, गोंडा, शिवम शुक्ला बाबागं, धानेपुर, विजय गरीबीपुरवा गोंडा, साहबे आलम इमामबाड़ा, गोंडा, ऋषिकेश अवस्थी पैड़ी अजब सिंह, गोंडा, बृजेश कुमार शुक्ला पम्पापुर, गोंडा, अभिषेक सिंह आदर्श कालोनी, बलरामपुर और सौरभ श्रीवास्तव भभनी कानूनगो, गोंडा शामिल हैं। ​पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया है।

संबंधित समाचार