Gonda News : वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत गोंडा में लाखों पौधे रोपे गए, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा, अमृत विचार : प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत रविवार को जनपद गोंडा में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वृहद अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। अभियान के दौरान जिले भर में लाखों पौधे रोपे गए और उनकी सुरक्षा व संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

डीएम ने गांधी पार्क से किया अभियान का शुभारंभ

जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

cats

विभिन्न विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों ने लगाए पौधे

कर्नलगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत बसेरिया में नोडल अधिकारी कंचन वर्मा व विधायक अजय सिंह ने पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मनकापुर स्थित मनोरंजन केंद्र आईटीआई परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाए।

cats

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया गया। इटियाथोक विकासखंड में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार मिश्रा तथा एडीओ पंचायत गिरजेश पटेल के नेतृत्व में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर खंड प्रेरक प्रयाग दत्त, रामजनम वर्मा, शमीम, अटल तिवारी, शक्ति राम, समोखन एवं गेंदालाल सहित अनेक कर्मचारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

तरबगंज में ढोल की थाप के साथ शुरू हुआ अभियान

वहीं तरबगंज में नगर पंचायत द्वारा आयोजित वृहद वृक्षारोपण महाभियान-2026 के अंतर्गत तहसील परिसर में विधायक प्रेमनारायण पाण्डेय की उपस्थिति में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक ने ढोल बजाकर की, जिससे अभियान का उत्साहपूर्ण वातावरण बन गया। ढोल-मजीरों की मंगल ध्वनि के बीच उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्री गार्ड भी स्थापित किए गए।

cats

जिलेभर में दिखा जनभागीदारी का उत्साह

जनपद के अन्य विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। प्रशासन ने बताया कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। जिले भर में आयोजित इस महाअभियान ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता और सहभागिता का प्रभावी संदेश दिया।

संबंधित समाचार