'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में बाराबंकी ने रचा कीर्तिमान, एक दिन में लगे 61.87 लाख पौधे, डिप्टी सीएम ने किया पौधरोपण
शहर से गांव तक गूंजा संदेश, पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
बाराबंकी: अमृत विचार। जिले में रविवार को 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान जनभागीदारी का उत्सव बन गया। शहर से लेकर गांव तक लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। जिले में एक ही दिन में 61 लाख 87 हजार पौधे रोपे गए।
ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल में किया पौधरोपण
मुख्य कार्यक्रम जिला चिकित्सालय परिसर में हुआ। जहां उत्तर प्रदेश सरकार के पौधरोपण महायज्ञ 2026 के तहत 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत औषधि वाटिका में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पौधरोपण कर कहा कि यदि हम वृक्षों की रक्षा करेंगे तो वृक्ष हमारी रक्षा करेंगे। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा 'भुल्लन', पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य, एनएचएम की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण, महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ. रंजना खरे, स्टेट लेप्रोसी ऑफिसर डॉ. जया देहलवी, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, डीएफओ आकाश दीप बधावन, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम, जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. जयप्रकाश मौर्य, महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. प्रदीप कुमार सहित चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, फार्मासिस्ट, पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान 'मां उपवन वाटिका' में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
मंत्री सतीश शर्मा बोले- पर्यावरण संरक्षण सबकी जिम्मेदारी
दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने पौधरोपण कर वन संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन जनजागरण वाहन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी।

गांवों, स्कूलों और पंचायतों में चला महाअभियान
अभियान के तहत रामनगर, हैदरगढ़, दरियाबाद समेत जिले के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और विद्यालयों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। रामनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत सिरौली कला में पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी और ग्राम प्रधान श्रीकांत शुक्ल ने नीम, पीपल, पाकड़ और आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। वहीं हैदरगढ़ क्षेत्र के जीआईसी सुबेहा में प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
जियो टैगिंग के साथ मिला ऑनलाइन प्रमाणपत्र
अभियान में लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग कर फोटो अपलोड की गई। इसके बाद प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी जारी किए गए। प्रशासन ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण का स्थायी जनआंदोलन बन सके।
