फिर हुई बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में चोरी, उठा ले गए दानपात्र

Amrit Vichar Network
Published By Indrabhushan Dubey
On

घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश, पूर्व में चोरी के दौरान कैमरे के कटे तार नहीं जुड़े थे

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: मोहान रोड स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंदिर में घंटे चोरी होने का आरोपी पकड़े जाने के बाद शनिवार देर रात एक बार फिर चोरों ने प्रवेश द्वार पर रखा दान पात्र चोरी कर लिया। दान पात्र में हजारों रुपये नकदी होने की बात कही जा रही है।

बुद्धेश्वर विकास महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि मंदिर में पिछले सप्ताह घंटे चोरी की घटना हुई थी। इसी दौरान 9 जुलाई को स्थानीय दुकानदारों ने एक सेवादार गोलू उर्फ गौरव को पकड़कर कई घंटे बरामद किए थे। घंटे चोरी के बाद से ही मंदिर के प्रवेश द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार कटे हुए थे। मामले में कैमरों के तार जोड़ने के लिए संबंधित लेखपाल आनंद श्रीवास्तव को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने शनिवार रात दान पात्र चोरी लिया।

तार कटा होने के चलते आरोपी की करतूत सीसीटीवी में कैद नहीं हो सकी। लगातार हो रही चोरियों से श्रद्धालुओं में आक्रोश है। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और सीसीटीवी दुरुस्त कराने की मांग की गई है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मंदिर में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

संबंधित समाचार