रायबरेली में प्रधान पर जानलेवा हमला: लोहे की रॉड से पीटा, फिर चला दी गोली
रायबरेली। जनपद के कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम रेवली ग्राम प्रधान राजकुमार अग्रहरी पर कुछ दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने खुद को एक स्थानीय विधायक का करीबी बताते हुए ग्राम प्रधान को सरेराह रोका और उन पर फायरिंग कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
घात लगाकर किया हमला, दुकान में छिपकर बची जान
मिली जानकारी के अनुसार, रेवली ग्राम प्रधान राजकुमार अग्रहरी रविवार देर शाम किसी काम से सलोन जा रहे थे। जैसे ही वह निमिषा स्कूल के पास पहुंचे, वहां पहले से ही घात लगाए बैठे सात नामजद आरोपियों ने उन्हें जबरन रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने खुद को विधायक का खास आदमी बताते हुए प्रधान को घेर लिया और लोहे की रॉड, ईंट तथा असलहे (तमंचे) के बट से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधान ने जब अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने का प्रयास किया, तो एक आरोपी ने उन पर तमंचे से सीधा फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली प्रधान को नहीं लगी और उन्होंने पास की एक दुकान में घुसकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
सिर और गुप्त अंग में आई गंभीर चोटें
इस बर्बर हमले में ग्राम प्रधान राजकुमार अग्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर, हाथ, पैर और प्राइवेट पार्ट (गुप्त अंग) में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने पीड़ित ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले (अटेम्प्ट टू मर्डर) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सचिन और सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
ये भी पढ़ें :
बर्रा एलिवेटेड रोड पर ड्यूटी के दौरान ट्रक ने दो ट्रैफिक सिपाहियों को रौंदा, एक की मौत
