Gonda Flood News : ऐली परसौली में बाढ़ का कहर, 23 गांव जलमग्न, फसलें बर्बाद, हजारों लोग पलायन को मजबूर

Amrit Vichar Network
On

बाढ़ से 30 हजार की आबादी प्रभावित, गांवों में घुसा पानी, स्कूल भी डूबा, प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को किया अलर्ट

गोंडा के तरबगंज क्षेत्र में बाढ़ का पानी 23 गांवों तक पहुंच गया है। करीब 30 हजार लोग प्रभावित हैं। घरों और प्राथमिक विद्यालय में पानी भरने के साथ सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध करानी शुरू कर दी है।

 

उमरी बेगमगंज/गोंडा, अमृत विचार: तरबगंज तहसील के ऐली परसौली क्षेत्र में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। बाढ़ का पानी अब गांवों में बने घरों तक पहुंच गया है। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। घरों में पानी भरने से ग्रामीणों के सामने जरूरी सामान और घरेलू वस्तुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की भी चुनौती खड़ी हो गई है।

Gonda Flood0

ऐली परसौली के प्राथमिक विद्यालय गोड़ियाना में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। विद्यालय परिसर जलमग्न होने से पठन-पाठन प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों के मुताबिक जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी बढ़ने की रफ्तार इसी तरह जारी रही तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

gonda0

23 गांवों में बाढ़ का असर, 30 हजार आबादी प्रभावित

बाढ़ का असर गोड़ियाना, तेलमहन पुरवा, नौबस्तन पुरवा और लोनियन पुरवा समेत दर्जनों मजरों में साफ दिखाई दे रहा है। गढ़ी, जवरनगर, परास और बहादुरपुर समेत कई गांव भी बाढ़ की चपेट में हैं। खेतों में पानी भर जाने से सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। इससे किसानों के सामने फसल बर्बाद होने का संकट खड़ा हो गया है। तरबगंज तहसील के ऐलीपरसौली, गढ़ी, परास, बहादुरपुर, दत्तनगर और ब्यौंदा सहित 23 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। करीब 30 हजार की आबादी प्रभावित बताई जा रही है। बाढ़ के बढ़ते पानी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

3

बाढ़ चौकियां अलर्ट, प्रभावित परिवारों को मिल रही मदद

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। निगरानी के लिए टीमें गठित कर लगातार क्षेत्र का जायजा लिया जा रहा है। पलायन करने वाले परिवारों को तत्काल सहायता के रूप में पॉलिथीन समेत जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। एसडीएम तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। पलायन करने वाले परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें:-भारी बारिश के बीच लखनऊ में Gen Alpha का ‘विरोध’! सुबह 6 बजे सड़क पर बैठीं छात्राएं, बोलीं- ‘डीएम को बुलाओ’

संबंधित समाचार