Bareilly News : रक्षाबंधन पर चलेंगी 100 अतिरिक्त रोडवेज बसें, जानिए कब से होगा संचालन
26 से 30 अगस्त तक चलेंगी 100 अतिरिक्त बसें, रूट डायवर्जन के बीच वैकल्पिक मार्ग होंगे तय; बहनों की मुफ्त यात्रा पर आदेश का इंतजार
रक्षाबंधन पर बरेली में यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज 100 अतिरिक्त बसें चलाएगा और बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। बहनों की मुफ्त यात्रा को लेकर परिवहन निगम मुख्यालय के आदेश का इंतजार है।
बरेली, अमृत विचार। रक्षाबंधन के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 26 से 30 अगस्त तक 100 अतिरिक्त रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा जरूरत के मुताबिक कुछ बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। लंबी दूरी की बसों को भी यात्रियों की मांग के अनुसार देहात के रूटों पर चलाने की तैयारी है। इस बार रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने पहले से ही अतिरिक्त बसों की व्यवस्था शुरू कर दी है।
बहनों के मुफ्त सफर पर मुख्यालय के आदेश का इंतजार
हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक परिवहन निगम मुख्यालय से आधिकारिक आदेश नहीं पहुंचा है। स्थानीय अधिकारी मुख्यालय के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। आदेश मिलने के बाद मुफ्त यात्रा की व्यवस्था और उसके समय को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
रूट डायवर्जन के बीच तय होंगे वैकल्पिक रास्ते
रक्षाबंधन के दौरान यातायात व्यवस्था को देखते हुए 28 अगस्त से 31 अगस्त तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसे में बसों के संचालन में परेशानी न हो और यात्रियों को समय पर सेवा मिलती रहे, इसके लिए परिवहन निगम वैकल्पिक मार्ग तय कर रहा है। लंबी दूरी की बसों को भी जरूरत के अनुसार बदले हुए मार्गों से संचालित किया जाएगा।
जरूरत के हिसाब से बढ़ेंगे बसों के फेरे
परिवहन निगम अधिकारियों के मुताबिक, जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है, वहां बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। ग्रामीण और देहात क्षेत्रों में भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी। आरएम मो. अजीम ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर अतिरिक्त बसों और फेरे बढ़ाने की तैयारी चल रही है। रूट डायवर्जन को देखते हुए बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए जा रहे हैं, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।
ये भी पढ़े :
Bareilly News : मानसून की बारिश बनी महाआफत, नाले में ई-रिक्शा गिरने से चालक समेत 5 लोग घायल; कांवड़ मार्ग पर जलभराव
