फर्जी Instagram ID से जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी! भाजपा विधायक के बेटे को बनाया निशाना, साइबर थाने में केस

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अचानक बढ़े 250-300 फॉलोअर, फिर सामने आया मामला

हरदोई के टड़ियावां में ब्लॉक प्रमुख रवि प्रकाश की Instagram ID पर कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के साथ गाली-गलौज और धमकी भरी टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। भाजपा विधायक श्याम प्रकाश की शिकायत पर एसपी के आदेश से साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

हरदोईः टड़ियावां में ब्लॉक प्रमुख रवि प्रकाश की निजी Instagram ID पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले ने पुलिस का ध्यान खींचा है। आरोप है कि 12 अगस्त को Instagram अकाउंट पर अचानक करीब 250 से 300 फॉलोअर बढ़ गए।

इसके अगले दिन यानी 13 अगस्त को जब रवि प्रकाश ने अपना Instagram अकाउंट देखा तो आरोप के मुताबिक, नए फॉलोअर में से किसी के माध्यम से सड़क से जुड़े एक मामले को लेकर अमर्यादित, जातिसूचक और धमकी भरी टिप्पणी की गई थी।

विधायक पिता ने एसपी से की शिकायत

मामले को लेकर गोपामऊ से भाजपा विधायक और ब्लॉक प्रमुख रवि प्रकाश के पिता श्याम प्रकाश ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा से शिकायत की।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद भी फर्जी अकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने का सिलसिला जारी रहा। विधायक ने इसे अपने और परिवार के लिए गंभीर और आपत्तिजनक कृत्य बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

अकाउंट निजी किया, फिर भी आती रहीं रिक्वेस्ट

शिकायत के मुताबिक, आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आने के बाद रवि प्रकाश ने अपनी Instagram ID को पर्सनल/प्राइवेट कर दिया। इसके बावजूद कथित फर्जी अकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट आने की बात कही गई है।

मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आपत्तिजनक टिप्पणी और फर्जी अकाउंट के पीछे कौन लोग हैं।

एसपी के आदेश पर साइबर थाने में मुकदमा

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के आदेश के बाद साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। साइबर थाना पुलिस ने आरोपियों तक जल्द पहुंचने और साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

यह भी पढ़ेंः कौढ़ा स्टेशन पर अचानक फेल हुआ पॉइंट, थमी ट्रेनों की रफ्तार! गरीब रथ से राजधानी तक पर पड़ा असर

संबंधित समाचार