कौढ़ा स्टेशन पर अचानक फेल हुआ पॉइंट, थमी ट्रेनों की रफ्तार! गरीब रथ से राजधानी तक पर पड़ा असर
हरदोई-रोजा रेलखंड पर सोमवार सुबह पॉइंट संख्या 43 में तकनीकी खराबी के चलते सिग्नल व्यवस्था प्रभावित हो गई। करीब सवा घंटे तक अप ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की रफ्तार भी नियंत्रित करनी पड़ी।
हरदोईः हरदोई-रोजा रेलखंड पर सोमवार सुबह कौढ़ा रेलवे स्टेशन के पास अचानक पॉइंट फेल होने से रेल संचालन प्रभावित हो गया। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:45 बजे पॉइंट संख्या 43 में तकनीकी खराबी आ गई।
पॉइंट फेल होने के साथ ही उससे संबंधित सिग्नल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। रेलवे अधिकारियों को इसकी जानकारी मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और खराबी को दूर करने का काम शुरू किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति नियंत्रित कर उन्हें सिग्नल के अनुसार आगे बढ़ाया गया।
गरीब रथ समेत कई ट्रेनें रास्ते में रुकीं
पॉइंट फेल होने का सीधा असर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन पर पड़ा। 12203 सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस को हरदोई-कौढ़ा ब्लॉक हट के पास रोकना पड़ा। ट्रेन करीब 25 मिनट तक खड़ी रही।
इसके अलावा 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस और 22355 पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ। दोनों ट्रेनों को करीब 25 मिनट तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं 14229 प्रयागराज संगम-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को कौढ़ा रेलवे स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक खड़ा रखना पड़ा।
राजधानी एक्सप्रेस की भी नियंत्रित करनी पड़ी रफ्तार
ट्रेनों की आवाजाही बाधित होने का असर पीछे से आ रही डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर भी पड़ा। सुरक्षा को देखते हुए राजधानी की गति नियंत्रित की गई।
उस समय अवध आसाम एक्सप्रेस हरदोई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी थी। राजधानी एक्सप्रेस को आगे निकालने के लिए अवध आसाम एक्सप्रेस को हरदोई से कौढ़ा के बीच लूप लाइन पर खड़ा कराया गया। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस को नियंत्रित गति से सुरक्षित तरीके से आगे निकाला गया।
पॉइंट फेल होने के कारण एक मालगाड़ी का संचालन भी प्रभावित हुआ।
करीब सवा घंटे बाद बहाल हुई व्यवस्था
तकनीकी टीम ने पॉइंट संख्या 43 की मरम्मत का काम शुरू किया। रेलवे सूत्रों के अनुसार, करीब सुबह 8 बजे पॉइंट को फिट घोषित कर दिया गया, जिसके बाद सिग्नल व्यवस्था बहाल होने लगी और ट्रेनों का संचालन सामान्य दिशा में लौट आया।
कुल मिलाकर करीब एक घंटे 15 मिनट तक अप ट्रैक पर रेल संचालन प्रभावित रहा। रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से तकनीकी खराबी को समय रहते दूर कर दिया गया।
हालांकि, इस दौरान कई ट्रेनों के यात्रियों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा।
यह भी पढ़ेंः Sitapur News : कलयुग के श्रवण कुमार! अतिवृद्ध माता-पिता को कांवड़ पर बैठाकर निकले तीर्थयात्रा पर, पत्नी भी बनीं हमसफर
