Bahraich News: नानपारा में फिर मिले गौवंश के अवशेष, गांव में मचा हड़कंप; पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

जुमईपुरवा गांव के गन्ने के खेत में मिले अवशेष, कुछ माह पहले भी सामने आई थी ऐसी घटना; पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की

नानपारा, बहराइच। कोतवाली नानपारा क्षेत्र के जुमईपुरवा गांव में मंगलवार सुबह गन्ने के खेत में गौवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई।

मिली जानकारी के अनुसार, तीरथ राम वर्मा सुबह करीब 7:30 बजे अपने बेटे राम सुहावन वर्मा के गन्ने के खेत की ओर गए थे। इसी दौरान खेत में गौवंश के अवशेष दिखाई दिए। मामला सामने आते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर हल्का दरोगा सौरभ पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पूर्व भी इसी क्षेत्र में गौवंश से जुड़ी ऐसी ही घटना सामने आई थी। इसके बावजूद दोबारा इसी तरह की घटना सामने आने से पुलिस की निगरानी और पूर्व की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों में यह चर्चा भी तेज है कि यदि पिछली घटना में आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और क्षेत्र में पर्याप्त निगरानी की गई होती, तो क्या ऐसी घटना दोबारा सामने आती?

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाओं का सामने आना कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि गौवंश के अवशेष खेत तक कैसे पहुंचे और घटना को अंजाम देने वाले कौन हैं? पुलिस के लिए अब केवल मौके पर पहुंचना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि मामले की गहन जांच कर दोषियों तक पहुंचना और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाना चुनौती होगी।

यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग ग्रामीणों ने की है।

फिलहाल घटना ने क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और इसके पीछे उनकी क्या मंशा थी।

इस बारे में जब कोतवाल राजनाथ सिंह से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि गौ वंश के अवशेष मिले हैं अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गयी है।

यह भी पढ़ेंः सूटकेस में पत्नी का शव छिपाकर फरार हुआ पति, दो महीने बाद वाराणसी में हुआ गिरफ्तार

संबंधित समाचार