Good News : प्रतापगढ़ में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, 5.22 करोड़ से लगेंगे 305 नए ट्रांसफार्मर, इन तहसीलों को मिलेगा लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

सदर, कुंडा, रानीगंज और लालगंज तहसीलों को मिलेगा लाभ, अगस्त के अंत से शुरू होगा स्थापना कार्य

प्रतापगढ़ में 5.22 करोड़ रुपये की लागत से 305 नए बिजली वितरण ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। सदर, कुंडा, रानीगंज और लालगंज तहसीलों में अगस्त के अंत से काम शुरू होगा।

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 305 नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। शासन ने इसके लिए 5 करोड़ 22 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान कर दी है। विद्युत विभाग के अनुसार अगस्त माह के अंतिम चरण से ट्रांसफार्मर स्थापना का कार्य शुरू होने की संभावना है।

चार तहसीलों में लगाए जाएंगे नए ट्रांसफार्मर

अधीक्षण अभियंता (विद्युत) छैल बिहारी ने मंगलवार को बताया कि स्वीकृत योजना के तहत सदर तहसील में 80, कुंडा में 120, रानीगंज में 65 तथा लालगंज तहसील में 40 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना से जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा खराब ट्रांसफार्मरों के शीघ्र प्रतिस्थापन में भी सुविधा मिलेगी।

खराब ट्रांसफार्मर बदलने में मिलेगी तेजी

अधीक्षण अभियंता के अनुसार वर्तमान में वर्कशॉप पर ट्रांसफार्मरों की अधिक मांग होने के कारण कई बार उपभोक्ताओं के गांवों और मोहल्लों तक समय पर ट्रांसफार्मर नहीं पहुंच पाते हैं। इसके चलते लोगों को तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ता है।

उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली

अधीक्षण अभियंता के अनुसार नई व्यवस्था लागू होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जा सकेगा, जिससे विद्युत आपूर्ति में होने वाले लंबे व्यवधान कम होंगे और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी। 

संबंधित समाचार