Baba Bhadeshwarnath : 10 लाख कांवड़ियों के जलाभिषेक की तैयारी, भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष पुलिस टीमें तैनात
बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में 10 लाख कांवड़ियों का जलाभिषेक, सुरक्षा के लिए प्रशासन तैयार
बस्ती के बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में 10 लाख कांवड़ियों के जलाभिषेक की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, सीसीटीवी और ट्रैफिक व्यवस्था तैयार।
बस्ती। यूपी के प्रमुख शिवधाम बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में इस वर्ष करीब 10 लाख कांवड़ियों के जलाभिषेक करने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया है। बस्ती मंडल के बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर जिलों में कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान तीनों जिलों के प्रमुख शिव मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।
अयोध्या-बस्ती हाईवे पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया है। 7 अगस्त की शाम से 11 अगस्त तक अयोध्या-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके अलावा कांवड़ यात्रा मार्गों पर पड़ने वाली मांस और मछली की दुकानों को हटाने की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
अयोध्या से सरयू जल लेकर पहुंचेंगे श्रद्धालु
प्रशासन के अनुमान के अनुसार, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर के अलावा गोंडा, अंबेडकरनगर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे। श्रद्धालु अयोध्या की सरयू नदी से जल लेकर प्राचीन बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। मंदिर परिसर में बैरियर लगाए जाएंगे और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन व जलाभिषेक कराया जाएगा।
भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष पुलिस टीमें तैनात
डीआईजी ने बताया कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष पुलिस टीमों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा सिद्धार्थनगर के भानपुर रानी गांव स्थित भुनेश्वरनाथ मंदिर, भारतभारी और इटवा के शिव मंदिरों तथा संतकबीर नगर के तामेश्वरनाथ धाम, बरगदहिया, डबरा और पौली स्थित शिवालयों में भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
