कानपुर देहात में बचा बड़ा हादसा : उफनते बंबे में गिरीसरकारी कार, बाल-बाल बचे एडिशनल एसपी

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

मासूम हत्याकांड की जांच से लौट रहे थे एएसपी आलोक प्रसाद, सीढ़ी के सहारे पुलिस ने सुरक्षित निकाला; क्रेन से बाहर निकली कार

कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। मासूम हत्याकांड की जांच से लौट रहे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक प्रसाद की सरकारी कार उफनते बंबे में जा गिरी। कार के पानी में डूब जाने के कारण एएसपी, उनका सुरक्षा कर्मी और चालक करीब एक घंटे तक वाहन के अंदर ही फंसे रहे।

कानपुर देहात, अमृत विचार। कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। मासूम हत्याकांड की जांच से लौट रहे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक प्रसाद की सरकारी कार उफनते बंबे में जा गिरी। कार के पानी में डूब जाने के कारण एएसपी, उनका सुरक्षा कर्मी और चालक करीब एक घंटे तक वाहन के अंदर ही फंसे रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

खिड़की नहीं खुली, कार में ही फंसे रहे तीनों

जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद सरकारी वाहन तेजी से पानी में समा गया। ऐन वक्त पर कार की खिड़की नहीं खुल पाने से एएसपी आलोक प्रसाद, उनका गनर और चालक बाहर नहीं निकल सके। काफी प्रयास के बावजूद जब वे कार से बाहर नहीं निकल पाए तो थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सीढ़ी के सहारे किया गया रेस्क्यू

सूचना पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पास स्थित पेट्रोल पंप से सीढ़ी मंगवाई और उसकी मदद से एएसपी, सुरक्षा कर्मी और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद कार में रखा सरकारी असलहा, लैपटॉप और अन्य सामान भी बाहर निकाला गया।

क्रेन से निकाली गई सरकारी कार

रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद क्रेन की सहायता से सरकारी वाहन को बंबे से बाहर निकाला गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

 

संबंधित समाचार