Gonda News: मंडी से लौटते वक्त डंपर की टक्कर से सब्जी व्यापारी की मौत, साथी गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मंडी से सब्जी लेकर लौट रहे थे दोनों, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंपर चालक की तलाश

गोंडा, अमृत विचार। यूपी के गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर और लोडिंग ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक सब्जी व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पराग दत्त साहू अपने साथी झगरू मौर्य के साथ बुधवार तड़के करीब पांच बजे लोडिंग ई-रिक्शा से गोंडा सब्जी मंडी गए थे। दोनों मंडी से ताजी सब्जियां खरीदकर आसपास के गांवों में फेरी लगाकर बेचते थे।

मंडी से सब्जी लेकर लौट रहे थे मृतक 

सुबह करीब सात बजे सब्जियां लेकर लौटते समय देहात कोतवाली क्षेत्र के खिरौरा मोहन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पराग दत्त साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं झगरू मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। 

हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम 

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पराग दत्त साहू सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पत्नी व बच्चों के सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डंपर और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Guru Purnima 2026: गुरु पूर्णिमा पर गोरखनाथ मंदिर पहुंचे सीएम योगी, विशेष पूजा-अर्चना कर लिया गुरुजनों का आशीर्वाद

संबंधित समाचार