Bareilly News : खाद संकट और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, अनदेखी का लगाया आरोप
बरेली में कांग्रेस कमेटी ने खाद संकट और स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
बरेली, अमृत विचार। किसानों को यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता और स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिजली बिलों से राहत दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सरकार पर अनदेखी करने का आरोप लगाया।
महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि जनता आज विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है और स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी वृद्धि हुई है। युवाओं को रोजगार के बजाय लाठीचार्ज और बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि जनता लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी जनविरोधी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार और महानगर महामंत्री देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान सरकार केवल पूंजीपतियों के हितों की सरकार बनकर रह गई है। जीशान अफरीदी, रमेश श्रीवास्तव, सुरेश दिवाकर, डॉ. हरीश गंगवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
