Barabanki News : खाद संकट और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम भेजा ज्ञापन
खाद की कमी से किसान परेशान : डॉ. पीएल पुनिया
बाराबंकी में कांग्रेस ने किसानों को खाद की कमी, डीजल संकट और स्मार्ट मीटर से बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने खाद की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर शिकायतों की जांच और किसानों-उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की मांग की।
बाराबंकी, अमृत विचार। जिला कांग्रेस कमेटी ने किसानों की समस्याओं और स्मार्ट मीटर के नाम पर बढ़ रहे बिजली बिलों के विरोध में राज्यपाल उत्तर प्रदेश को जिलाधिकारी बाराबंकी के माध्यम से ज्ञापन भेजा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मो. मोहसिन के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि जनपद में किसान यूरिया और डीएपी खाद की कमी से परेशान हैं। खरीफ की फसल की बुआई और रोपाई के समय खाद न मिलने से किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पॉस मशीन में बायोमैट्रिक सत्यापन की समस्या के कारण कई पात्र किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है और उन्हें मजबूरी में महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
उन्होंने डीजल की कमी से सिंचाई और कृषि कार्य प्रभावित होने की बात भी कही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मो. मोहसिन ने कहा कि स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना कनेक्शन का भार बढ़ाकर बिल बढ़ाना उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है।
कांग्रेस ने उठाईं ये प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की कि...
- किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- पॉस मशीनों में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।
- पेट्रोल पंपों पर डीजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव शिव शंकर शुक्ला, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, नगर अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा 'फोटोवाला' सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
