Barabanki News: नौकरी का झांसा देकर युवती के नाम से बनाई फर्जी फेसबुक आईडी, अश्लील वीडियो पोस्ट कर किया बदनाम

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र की एक युवती ने राजस्थान के एक ठेकेदार पर नौकरी का झांसा देकर विश्वास जीतने, फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील वीडियो पोस्ट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर जांच शुरू कर दी है।

कोठी, बाराबंकी: अमृत विचार। राजस्थान में जाब कर रही युवती को नौकरी का लालच देकर फर्जी आईडी बनाई फिर युवक ने अश्लील वीडियो पोस्ट करने शुरु कर दिए। आरोप है कि उसके इस कृत्य से युवती की खासी बदनामी हुई है। बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह कुछ समय पहले राजस्थान के भिवाड़ी स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी।

वहीं उसकी मुलाकात कंपनी के एक ठेकेदार से हुई। आरोप है कि ठेकेदार ने बेहतर वेतन और नौकरी का लालच देकर उसका विश्वास जीता, लेकिन बाद में मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने लगा। विरोध करने पर उसने युवती के नाम से कथित तौर पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उस पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने शुरू कर दिए।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार गाली-गलौज करता और जान से मारने की धमकी भी देता है। युवती के अपने गांव लौट आने के बाद भी सोशल मीडिया के माध्यम से उसे बदनाम करने की कोशिश जारी है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर साइबर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, दो घायल रेफर 

निन्दूरा:  कुर्सी थाना क्षेत्र के निगोहां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर 10 नामजद और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव निवासी शुभम पुत्र दयाराम के अनुसार, 20 जुलाई की शाम उसके बाबा श्रीराम सागर शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे।

आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे जदुनाथ उर्फ जादू, शमसेर, सुभाष, शक्तिमान की पत्नी, रामनिवास, रामराज उर्फ भूरे, रामप्रताप, हेमराज, शिल्पी, सुमन तथा 6-7 अज्ञात लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे परिवार के शुभम, प्रेम कुमार, पूनम देवी, शिवांशी, सुनील कुमार, सोनम देवी और सुनीता देवी पर भी लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया।

हमले में प्रेम कुमार और पूनम देवी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। आरोप है कि इसी दौरान शिल्पी और सुमन ने बेहोश पड़ी पूनम देवी के गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया। घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को ट्रॉमा सेंटर अस्पताल भेजा गया।

संबंधित समाचार