सिक्किम सुरंग हादसा: NHPC परियोजना में मृतकों की संख्या पहुंची 13, बचाव अभियान जारी
25 श्रमिक सुरंग में फंसे थे, मृतकों के परिजनों को एनएचपीसी देगी 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि
गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना के निर्माणाधीन हेड रेस टनल (एचआरटी) के ढहने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। एनएचपीसी ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सुरंग में फंसे बाकी श्रमिकों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
यह हादसा सोमवार दोपहर समरडुंग-झोलुंगे क्षेत्र में निर्माणाधीन सुरंग के एक हिस्से के ढहने से हुआ था। हादसे के बाद संदिग्ध मीथेन गैस के रिसाव से सुरंग में जहरीली गैस और धुआं भर गया, जिससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया।
एनएचपीसी के अनुसार, सुरंग में कुल 25 कर्मचारी फंसे थे। अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष श्रमिकों की तलाश के लिए जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड, ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से चौबीसों घंटे अभियान चला रही हैं।
एनएचपीसी ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक श्रमिक के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, सिक्किम सरकार ने भी प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश देते हुए कहा है कि यदि किसी एजेंसी या व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एनएचपीसी के शीर्ष अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने भी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
