Kannauj News: ट्रैक्टर से टकराई स्कूल वैन, कई बच्चे घायल चालक मौके से फरार
एक छात्र गंभीर, ओवरलोडिंग पर उठे सवाल; अभिभावकों ने परिवहन विभाग को ठहराया जिम्मेदार
कन्नौज। जिले के सौरिख क्षेत्र में गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही एक निजी स्कूल वैन की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक बच्चों को घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाया गया था
जानकारी के मुताबिक, टड़ा रायपुर स्थित एक निजी स्कूल की टाटा स्पेसियो गुरुवार सुबह मढ़पुरा गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। आरोप है कि वाहन में क्षमता से कहीं अधिक, करीब 20 से 22 बच्चों को ठूंसकर बैठाया गया था। नादेमऊ के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से वैन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
एक छात्र गंभीर, कई बच्चे घायल
हादसे में योगराज, देवांशी, प्रियल, शिवांग, सोनाक्षी, सृष्टि और सोनम समेत कई बच्चे घायल हो गए। इनमें एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
चालक बच्चों को छोड़कर भागा
घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि स्कूल वाहन का चालक घायल बच्चों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इससे अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
परिवहन विभाग पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से स्कूल वाहनों में ओवरलोडिंग की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन परिवहन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। नियमित जांच के अभाव में बच्चों की जान जोखिम में डाली जा रही है। अभिभावकों ने कहा कि यदि समय रहते ओवरलोडिंग पर सख्ती की जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारियों ने क्या कहा?
पीटीओ सुनीता सैनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित वाहन और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं एआरटीओ इज्या तिवारी ने कहा कि विभाग 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत स्कूल वाहनों की जांच कर रहा है, लेकिन सीमित स्टाफ के कारण हर जगह एक साथ निगरानी संभव नहीं हो पाती। उन्होंने शिक्षा विभाग, पुलिस और अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की।
जांच शुरू, कार्रवाई का इंतजार
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद एक बार फिर स्कूल वाहनों की ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
