Bahraich News : सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रदर्शन कर जल्द निर्माण की उठाई मांग
बरसात में कीचड़ और जलभराव से बढ़ी परेशानी, स्कूली बच्चों व ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित
बहराइच। विकासखंड शिवपुर के ग्राम पंचायत नकहा के मजरा पंडित पुरवा में सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर दिखाई दिया। लंबे समय से जर्जर मार्ग की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। रोजाना हजारों ग्रामीणों के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। लेकिन बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव हो जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और बच्चों को उठानी पड़ती है।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बजरंग दल के प्रखंड अध्यक्ष पंकज मिश्रा ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी गांव के विकास की पहली जरूरत होती है। ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
पंकज मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पंकज मिश्रा, निरंजन कुमार, अनूप, दुलारे, राजू, सौरभ मिश्रा, बाबूराम, दिनेश कुमार, सूरज शर्मा, संगीता देवी, मीरा देवी, आरती देवी, शांति देवी, अलका, सुशीला देवी, राम लली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
