Pilibhit News : घटना के बाद आरोपी ने खुद की गर्दन पर भी रखा था चाकू
कर्मचारियों ने दबोचकर छीना हथियार, फिर सबक भी सिखाया, घटना के बाद अब चर्चाओं में घटना के वक्त के मंजर, फोटो भी वायरल
पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल छात्रा कशिश की हत्या के बाद आरोपी सागर ने खुद की गर्दन पर भी चाकू रख लिया था। कर्मचारियों ने उसे दबोचकर पुलिस को सौंप दिया।
पीलीभीत, अमृत विचार। स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल छात्रा कशिश की हत्या के बाद आरोपी छात्र सागर ने खुद की गर्दन पर भी चाकू रख लिया था। हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने साहस दिखाते हुए उसे दबोच लिया था। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर आरोपी को हिरासत में सौंप दिया गया था।
मंगलवार को जिला अस्प्ताल के सिटी स्कैन कक्ष में दिनदहाड़े हुई घटना के बाद आरोपी को पुलिस जेल भेज चुकी है। सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच सख्ती की तैयारी भी है। जिला अस्पताल का माहौल भी अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। इसी बीच अब घटना के दिन की दहशत भरे पहलुओं से जुड़ी चर्चाएं कर्मचारियों में भी होने लगी हैं। इसी दौरान एक चर्चा और निकलकर आई है। जिसने आरोपी छात्र के खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने की ओर भी इशारा कर दिया है। बताते हें कि छात्रा कशिश और उसे बचाने पहुंची महिला कर्मचारी निधि को लहूलुहान करने के बाद आरोपी ने अपने हाथ में मौजूद चाकू अपनी गर्दन पर भी रख लिया था।
शोर पर पहुंचे मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने बिना देर किए घेरा और काबू में कर लिया था। घटना के बाद सबक सिखाते हुए उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। अब कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि अगर आरोपी को समय रहते काबू न किया जाता तो वह खुद को भी घायल कर सकता था। फिलहाल खुलकर इसे कोई बोल नहीं रहा है। आरोपी को घटना के बाद पकड़ने से जुड़े फोटो भी वायरल हो रहे हैं।
