UP IAS Transfer: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 IAS अधिकारियों के तबादले; सुधा वर्मा बनीं श्रमायुक्त

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस सूची में 8 महिला आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस सूची में 8 महिला आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को विभागीय विवाद, शिकायतों और प्रशासनिक जरूरतों के चलते उनके पदों से हटाया गया है।

सिर्फ छह महीने बाद बदली गई तीन महिला IAS अधिकारियों की जिम्मेदारी

तबादला सूची में सबसे अधिक चर्चा तीन महिला अधिकारियों की है, जिन्हें इसी वर्ष 1 जनवरी को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, लेकिन महज छह महीने नौ दिन बाद ही उनके विभाग बदल दिए गए।

सुधा वर्मा बनीं श्रमायुक्त

आईएएस अधिकारी सुधा वर्मा को राजस्व विभाग के सचिव पद से हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार, राजस्व विभाग की प्रमुख सचिव अपर्णा यू. के साथ तालमेल को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं।

सारिका मोहन और नेहा शर्मा की जिम्मेदारियां बदलीं

आईएएस अधिकारी सारिका मोहन को चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव एवं महानिदेशक पद से हटाकर महानिरीक्षक निबंधन (आईजी रजिस्ट्रेशन) बनाया गया है। वहीं, अब तक आईजी रजिस्ट्रेशन रहीं नेहा शर्मा को चिकित्सा शिक्षा विभाग का सचिव एवं महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

रिया केजरीवाल हटाई गईं, संदीप भागिया बने मध्यांचल विद्युत निगम के एमडी

मध्यांचल क्षेत्र में बिजली संकट और लगातार कटौती को लेकर उठे विरोध के बीच रिया केजरीवाल को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, राज्य कर विभाग गौतमबुद्ध नगर में अपर आयुक्त रहे संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। हाल ही में राज्य कर विभाग के करीब 60 अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव से संदीप भागिया के व्यवहार को लेकर शिकायत की थी। इसके बावजूद सरकार ने उन्हें नई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

दीपा रंजन को संस्कृति विभाग में मिली नई जिम्मेदारी

2013 बैच की आईएएस अधिकारी दीपा रंजन, जो सितंबर 2023 से राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रबंध निदेशक थीं, उन्हें अब संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

मथुरा नगर निगम आयुक्त भी बदले

मथुरा-वृंदावन नगर निगम के आयुक्त जग प्रवेश का भी तबादला किया गया है। हाल के दिनों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और कब्रिस्तान विवाद को लेकर उनका कार्यकाल चर्चा में रहा था। उनकी जगह बलिया की मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है।

सूचना एवं संस्कृति विभाग में भी बदलाव

सरकार ने सूचना एवं संस्कृति विभाग में भी बदलाव किया है। सूचना विभाग के निदेशक विशाल सिंह से संस्कृति विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब वे केवल सूचना विभाग का कार्य देखेंगे। वहीं, संस्कृति विभाग के विशेष सचिव संजय सिंह को संस्कृति विभाग का निदेशक बनाया गया है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

लखनऊ के अपर मंडलायुक्त राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया। मुजफ्फरनगर के अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को इटावा का सीडीओ नियुक्त किया गया।
गोंडा के अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार को बलिया का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। इटावा के सीडीओ अजय कुमार गौतम को गाजियाबाद प्रथम में अपर आयुक्त, राज्य कर नियुक्त किया गया।सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक प्राथमिकताओं और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि सरकार की ओर से तबादलों के पीछे कोई आधिकारिक कारण जारी नहीं किया गया है।

संबंधित समाचार