बिहार के सांसद ने यूपी में खोला मोर्चा, कानपुर से राम मंदिर मुद्दे पर पप्पू यादव की PM से इस्तीफे की मांग
कांग्रेस मुख्यालय तिलक हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, बोले- जवाबदेही तय होने तक संसद नहीं चलने देंगे
बिहार के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कानपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राम मंदिर मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय होने तक संसद नहीं चलने दी जाएगी। कांग्रेस मुख्यालय तिलक हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा।
कानपुर, अमृत विचार। राम मंदिर मुद्दे को लेकर बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने उत्तर प्रदेश से केंद्र सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है । कानपुर में कांग्रेस मुख्यालय तिलक हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पप्पू यादव ने राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर प्रधानमंत्री की जवाबदेही पर सवाल उठाए और कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री के इस्तीफे तक संसद नहीं चलने दी जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाले लोग अब सामने आए विवाद पर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मंदिर निर्माण से लेकर उद्घाटन तक सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने भागीदारी निभाई, तो अब इस मामले में जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में स्पष्ट जवाब देना चाहिए। पप्पू यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कई अन्य मुद्दों को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि विपक्ष जनता से जुड़े सवालों को लगातार उठाता रहेगा।
कानपुर से दिल्ली तक सियासत गरमाने की कोशिश
बिहार के सांसद का उत्तर प्रदेश में आकर राम मंदिर जैसे मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। कानपुर में आयोजित इस प्रेस वार्ता के जरिए कांग्रेस ने प्रदेश की सियासत में इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की है। पप्पू यादव ने कहा कि राम मंदिर आस्था का विषय है और इससे जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष अपनी आवाज संसद में भी उठाएगा।
कांग्रेस नेताओं के साथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में सुहेल अंसारी, आलोक मिश्रा, हरप्रकाश अग्निहोत्री, नौशाद आलम मंसूरी, टिल्लू ठाकुर, विकास अवस्थी, प्रतिभा अटल पाल, करिश्मा ठाकुर, जेपी पाल, मानेश दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
