Gonda News : ट्रेन के जनरल कोच से 5 लाख का गांजा बरामद, चेकिंग के दौरान नारकोटिक्स टीम की बड़ी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार। यूपी के गोंडा जिले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट और नारकोटिक्स टास्क टीम ने मंगलवार को ट्रेन चेकिंग के दौरान पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। गांजा एक लावारिस बैग में रखा था। पूछताछ के दौरान किसी यात्री ने बैग पर अपना दावा नहीं किया।

आरपीएफ के मुताबिक मंगलवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ अरुण त्रिपाठी और सहायक सुरक्षा आयुक्त गोंडा महेंद्र प्रसाद दुबे के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय की निगरानी में नारकोटिक्स टास्क टीम ट्रेन संख्या 14627 की चेकिंग कर रही थी। ट्रेन बरुआचक के आसपास पहुंची तो जनरल कोच संख्या 257098/ईआर में संदिग्ध हालत में एक बैग मिला।

टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उसे अपना नहीं बताया। ट्रेन के गोंडा जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम की मौजूदगी में बैग खोला गया। इसमें एक पैकेट में करीब पांच किलो गांजा बरामद हुआ। आरपीएफ ने गांजे को कब्जे में लेकर मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद बरामद मादक पदार्थ को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी गोंडा को सौंप दिया गया। 

प्रकरण की जांच उप निरीक्षक विवेकानंद यादव को सौंपी गई है। बरामदगी करने वाली टीम में उप निरीक्षक सुनील कुमार कसाना, आरक्षी दुर्गेश प्रसाद, अमरजीत यादव, धर्मेंद्र यादव, अमरनाथ, अनिरुद्ध कुमार मौर्य, महेंद्र सिंह, राम हरि यादव और अरविंद सिंह यादव शामिल रहे। इसके अलावा उप निरीक्षक विमल सिंह के साथ आरपीएफ पोस्ट गोंडा के स्टाफ तथा सीआईबी गोंडा के उप निरीक्षक लाल साहब सिंह भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : 
मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक, बलिया गांव की 45 वर्षीय महिला पर हमला, चारा काटते समय उतारा मौत के घाट 

संबंधित समाचार