Bahraich News: रानीपुर पुलिस ने नकबजनी की घटनाओं का किया पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार; जेवरात, नगदी व बाइक बरामद
बहराइच। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रानीपुर पुलिस टीम ने क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, दो हजार रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन, एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह व सीओ पयागपुर हर्षिता तिवारी के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष रानीपुर हरेंद्र नाथ राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। ग्राम पिपरिया महिपाल सिंह में 12/13 अगस्त और 21 अगस्त की रात हुई चोरी के संबंध में पीड़ित मंंशाराम मौर्य और रोशन लाल द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने धारा 305(A) व 331(4) BNS के तहत मुकदमे दर्ज किए थे।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सुरागकसी करते हुए अभियुक्त मौजी लाल पुत्र राम पाल तथा रवि सोनी पुत्र ननकऊ (निवासीगण टिकोरा मोड़ हेमरिया, थाना कोतवाली देहात) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 4 अदद मंगलसूत्र, 1 हार (डोरी सहित), 2 नथुनी, 1 जोड़ी कान की झुमकी, 1 सफेद धातु की सिल्ली (गलाकर बनाई गई), 2000 रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मौजी लाल के खिलाफ थाना रानीपुर में पूर्व से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामकेश, उपनिरीक्षक सौरभ मिश्र, मुख्य आरक्षी शिवानंद, आरक्षी भगवानदीन वर्मा, जितेंद्र कुमार, अभिषेक तिवारी और सतीश यादव शामिल रहे। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें :
Bahraich News: बहराइच में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक
