सड़क में गड्ढा या गड्ढे में ही सड़क? बारिश ने खोल दी नासिरगंज-भिनगा मार्ग की पोल, आए दिन गिर रहे राहगीर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

श्रावस्ती के लक्ष्मणपुर गांव में मुख्य सड़क के बीच बना बड़ा गड्ढा बारिश के बाद बन गया जानलेवा मुसीबत; पानी भरने से गहराई का पता नहीं चलता, बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक हो रहे हादसों का शिकार।

बदला चौराहा, श्रावस्ती। जिले में हुई बारिश ने सड़कों की बदहाली की तस्वीर सामने ला दी है। संपर्क मार्गों के साथ अब मुख्य मार्ग भी जगह-जगह गड्ढों में तब्दील नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में ही सड़क, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। यही वजह है कि राहगीरों और वाहन चालकों को आए दिन परेशानी के साथ हादसों का सामना करना पड़ रहा है।

जमुनहा ब्लॉक और तहसील क्षेत्र के गांवों को जिला मुख्यालय भिनगा से जोड़ने वाला नासिरगंज-भिनगा मुख्य मार्ग भी बदहाली की इस तस्वीर से अछूता नहीं है। मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है, लेकिन लक्ष्मणपुर गांव में सड़क के बीच बना बड़ा गड्ढा लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गया है।

बारिश होते ही गड्ढे में भर जाता है पानी

लक्ष्मणपुर में सड़क के बीच बने इस गड्ढे में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश होते ही पानी भर जाता है। पानी भरने के बाद राहगीरों को गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।

ऐसे में दोपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढे में गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई ई-रिक्शा भी पलट चुके हैं। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के पहियों से उछलने वाला गंदा पानी राहगीरों और आसपास से गुजरने वाले लोगों के कपड़े तक खराब कर देता है।

बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक सबसे ज्यादा परेशान

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर जलभराव और गड्ढे का मेल राहगीरों के लिए खतरा बन जाता है। विशेष रूप से बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक इसकी चपेट में आ रहे हैं।

गड्ढे में पानी भरा होने के कारण वाहन चालक यह समझ नहीं पाते कि पानी के नीचे सड़क कितनी गहरी या क्षतिग्रस्त है। अचानक पहिया गड्ढे में जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और हादसा हो जाता है।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल

यह मार्ग आसपास के गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के साथ ही दूसरे जिलों की ओर जाने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से लोग जमुनहा के अलावा बहराइच जिले के नानपारा, मेहीपुरवा और लखीमपुर खीरी की ओर आते-जाते हैं।

ऐसे व्यस्त मार्ग पर सड़क के बीच बना गड्ढा अब स्कूली बच्चों और स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों में आक्रोश, अधिकारियों से लगाई गुहार

सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केपी मिश्र का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित कराया है।

ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढे की मरम्मत कराने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

यह भी पढ़ेंः छह महीने बाढ़, छह महीने बेबसी: राजधानी से कुछ दूर घाघरा किनारे हर साल उजड़ती जिंदगी

संबंधित समाचार