श्रावस्ती में बड़े बैनामों पर डीएम की पैनी नजर, जमीन पर पहुंचकर किया भौतिक सत्यापन; स्टाम्प शुल्क में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

खसरा-खतौनी से हुआ जमीन का मिलान

डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने भिनगा और इकौना में उच्च मूल्य की भू-संपत्तियों के बैनामों की मौके पर जांच की; दस्तावेज, खसरा-खतौनी और चौहद्दी का वास्तविक स्थिति से कराया मिलान।

श्रावस्ती। जिले में जमीन की खरीद-फरोख्त में होने वाले फर्जीवाड़े और राजस्व संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने भिनगा और इकौना तहसील क्षेत्र में हुए बड़े मूल्य के भू-संपत्ति बैनामों का औचक निरीक्षण कर मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया।

डीएम ने भिनगा देहात में रेवा श्रीवास्तव और इकौना के बागवानी में सुमन देवी के नाम हुए बैनामों से संबंधित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर जमीन की वास्तविक स्थिति और पंजीकृत दस्तावेजों के बीच समानता की जांच की।

दस्तावेजों से जमीन की वास्तविक स्थिति का मिलान

निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपनिबंधक कार्यालय में पंजीकृत उच्च मूल्य वाले भूखंडों से संबंधित दस्तावेजों का मौके पर मौजूद वास्तविक भूमि, खसरा-खतौनी और चौहद्दी से मिलान कराया।

उन्होंने संबंधित जमीन पर पहुंचकर यह भी देखा कि भूमि पर किसका कब्जा है, जमीन का स्वरूप क्या है और आसपास की स्थिति दस्तावेजों में दर्ज विवरण से मेल खाती है या नहीं।

मौके पर मौजूद संबंधित पक्षों से भी संपत्ति के क्रय-विक्रय और बैनामे से जुड़ी जानकारी ली गई।

बड़े बैनामों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य करने के निर्देश

डीएम ने उपनिबंधक और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी सभी बड़े मूल्यांकित बैनामों का पंजीकरण से पहले या तत्काल बाद अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को राजस्व पारदर्शिता बनाए रखने और जमीन के दस्तावेजों में किसी भी तरह की गड़बड़ी को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।

स्टाम्प शुल्क में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई

डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने स्पष्ट किया कि स्टाम्प शुल्क में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य बड़े मूल्य की संपत्तियों के बैनामों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और राजस्व को होने वाले नुकसान की संभावनाओं को रोकना है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम इकौना रवेन्द्र कुमार, उपनिबंधक भिनगा प्रिया समेत तहसीलदार, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः सड़क में गड्ढा या गड्ढे में ही सड़क? बारिश ने खोल दी नासिरगंज-भिनगा मार्ग की पोल, आए दिन गिर रहे राहगीर

संबंधित समाचार