Auraiya News: सुबह घर से निकला जनसेवा केंद्र संचालक, बाग में पेड़ से लटका मिला शव; गांव में पसरा सन्नाटा
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा गांव में 27 वर्षीय संजय तिवारी का शव गांव के बाहर बड़े बाग में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में भी सन्नाटा पसरा रहा।
औरैया, अमृत विचार। बिधूनाकोतवाली क्षेत्र के बंथरा गांव में बुधवार सुबह जनसेवा केंद्र संचालक का शव गांव के बाहर स्थित बड़े बाग में पेड़ से चादर के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनों में कोहराम मच गया।
बंथरा निवासी संजय तिवारी (27) पुत्र स्व. उमेश चंद्र गांव में ही जनसेवा केंद्र चलाता था। बताया गया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे वह बिना बताए घर से निकल गया। सुबह करीब सात बजे गांव के कुछ बच्चे बड़े बाग में मोर पंख बीनने पहुंचे। वहां पेड़ से लटका शव देखकर बच्चे सहम गए और भागकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
2.png)
मृतक के बड़े भाई सौरभ तिवारी ने बताया कि वह सुबह करीब 5:45 बजे सोकर उठे तो संजय बिस्तर पर नहीं था। अनहोनी की आशंका में उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। कुछ देर बाद ग्रामीणों से बाग में शव मिलने की जानकारी हुई।
संजय के पिता उमेश चंद्र की पूर्व में मौत हो चुकी है। घर में उसकी मां मीरा देवी और बड़ा भाई सौरभ हैं। बेटे की मौत के बाद मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार, संजय पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया गया कि पूर्व में भी उसने दो बार जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया था।
1.png)
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ेंः Auraiya Double Murder: छह साल बाद आया दोहरे हत्याकांड का फैसला, पूर्व MLC कमलेश पाठक समेत 10 को उम्रकैद
