Moradabad News: लालपुर हमीर गांव में विवाहिता की मौत से सनसनी, बहनोई ने बताया बिगड़ी तबीयत; मायके ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
On

मुरादाबाद के लालपुर हमीर गांव में 30 वर्षीय विवाहिता अंजाना उर्फ अंजुम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। अंजाना के चार बच्चे हैं, जिनमें चार माह की मासूम बेटी भी शामिल है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

मैनाठेर/मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद-संभल हाईवे से सटे गांव लालपुर हमीर में बुधवार सुबह विवाहिता अंजाना उर्फ अंजुम (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के कई लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

मृतका के भाई इस्लाम के अनुसार, अंजाना की शादी वर्ष 2015-16 में लालपुर हमीर निवासी मुजस्सिर के साथ हुई थी। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें चार माह की दूधमुंही बेटी भी शामिल है। परिजनों का आरोप है कि मुजस्सिर किसी दूसरी महिला से बातचीत करता था, जिसका अंजाना विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था।

मायके पक्ष ने बताया कि उन्हें अंजाना की तबीयत बिगड़ने की जानकारी लड़के के बहनोई के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही मायके वाले लालपुर हमीर पहुंचे। वहां की स्थिति देखकर उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।

मायके पक्ष ने कार्रवाई की मांग को लेकर शव उठाने का विरोध किया। क्षेत्राधिकारी बिलारी के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

चार मासूमों के सिर से उठा मां का साया

अंजाना की मौत के बाद उसके चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। इनमें चार माह की दूधमुंही मन्नत भी है। मासूम बच्ची की परवरिश को लेकर परिवार के सामने बड़ी चिंता खड़ी हो गई है। क्षेत्राधिकारी बिलारी ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-

IPS अधिकारी की 94 साल की मां की मौत बनी पहेली, सरयू तट पर अंतिम संस्कार; बिसरा-हार्ट जांच से खुलेगा राज!

संबंधित समाचार