Gonda News : नगर निकायों के काम में लापरवाही पर डीएम सख्त, फोटो से होगी निगरानी, ईओ पर गिरी गाज
बिना सूचना बैठक से गायब ईओ पर गिरी गाज, शोकॉज के साथ वेतन रोकने का
गोंडा में नगर निकायों की विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम प्रियंका निरंजन ने लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। बिना सूचना बैठक से गायब रहने पर नगर पंचायत परसपुर के ईओ अनुराग शुक्ला को शोकाज नोटिस और वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। अब हर विकास कार्य की शुरुआत और पूर्ण होने की फोटो अनिवार्य होगी।
गोंडा, अमृत विचार: नगर निकायों में संचालित विकास योजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, नगरीय झील, तालाब व पोखरा, अन्त्येष्टि स्थल, सामुदायिक शौचालय, वंदन योजना, आकांक्षी योजना, अवस्थापना निधि, 15वें वित्त आयोग और नगरीय गौशाला समेत विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नगर पंचायत परसपुर के अधिशासी अधिकारी अनुराग शुक्ला के प्रति नाराजगी जताई।
उन्होंने ईओ को शोकाज नोटिस जारी करने के साथ वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है और बिना सूचना अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, सविता शुक्ला, विनीत कुमार समेत विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
काम शुरू होने और पूरा होने की फोटो अनिवार्य
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विकास कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए। दोनों चरणों की तस्वीरें पीपीटी और मीटिंग बुकलेट में प्रस्तुत की जाएं। इससे कार्य की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का सत्यापन किया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट रखने और स्वीकृत परियोजनाओं को समय से पूरा कराने को कहा। साथ ही जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
यह भी पढ़ें:-UP Education News : विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, 75 जिलों में होगी खास ट्रेनिंग
