गोरखपुर को जल्द मिलेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 3 महीने में 20 प्रतिशत काम पूरा, जानिए क्या है खासियत 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

योगी सरकार की खेल योजना के तहत बन रहा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम

गोरखपुर में बन रहे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तेजी से जारी है। 46 एकड़ में बन रहे 30 हजार दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम का 20% काम तीन महीने में पूरा हो चुका है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खेल अवसंरचना विकास योजना के तहत बन रहे इस स्टेडियम का करीब 20 प्रतिशत निर्माण कार्य महज तीन महीने में पूरा कर लिया गया है। 16 मई 2026 को भूमिपूजन के बाद शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। 46 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दर्शक क्षमता 30 हजार होगी। परियोजना की अनुमानित लागत 392.94 करोड़ रुपये है।

मुख्य परिसर का काम तेजी से पूरा

लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा ईपीसी (EPC) मोड पर कराए जा रहे निर्माण कार्य में स्टेडियम के मुख्य परिसर की लेवलिंग और पाइल फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा बाहरी क्षेत्र में सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।

110 करोड़ रुपये से अधिक जारी

परियोजना के लिए अब तक सरकार की ओर से 110 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की जा चुकी है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दूसरी किश्त के रूप में 50 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दे दी गई है।

24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य

निर्माण एजेंसी को स्टेडियम का काम तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना को 24 महीने के भीतर पूरा करने की योजना है। गोरखपुर में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पूर्वांचल में खेल गतिविधियों को नई दिशा देगा। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

ये भी पढ़े : 
यूपी ने बनाया नया रिकॉर्ड, पीएम मातृ वंदना योजना में लक्ष्य से अधिक हुआ पंजीकरण; महिलाओं के खातों में सीधे पहुंचे 86.55 करोड़ 


 

संबंधित समाचार