बरेली में आज लहराएगा रजा का पचरम, उर्से रजवी को लेकर डीएम ने क्या कहा-देखिए
बरेली में उर्स-ए-रजवी आज से शुरू, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट
बरेली में आज से उर्स-ए-रजवी का आगाज हो गया है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिए शहर को 4 जोन में बांटा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और कांवड़ यात्रा को देखते हुए उर्स कमेटी ने आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए केवल शाकाहारी लंगर का निर्णय लिया है।
बरेली, अमृत विचार। आला हजरत का 108वां उर्से रजवी आज-6 अगस्त से शुरू हो रहा है। 8 अगस्त को कुल शरीफ के साथ उर्स का समापन होगा। उर्से रजवी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस-प्रशासन की नजर रहेगी। सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर क्षेत्र को चार जोन में बांटा गया है। उर्से रजवी के शुभारंभ से पहले जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उर्स स्थल और उससे जुड़े सभी प्रमुख स्थानों पर जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेगा।
अधिकारी नजर रखेंगे। उर्से रजवी में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं आए। इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीन पहुंचते हैं। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बार उर्स कमेटी ने कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए विशेष निर्णय लिया है। लंगर में मांसाहारी (नॉनवेज) भोजन की जगह शाकाहारी लंगर रहेगा। उर्स कमेटी ने आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया है। प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी समस्या की सूचना ड्यूटी पर तैनात पुलिस-प्रशसानिक टीम को दें।
ये भी पढ़ें - बरेली में डीएम का बड़ा एक्शन : जनसुनवाई में लापरवाही पर 9 अफसरों का वेतन रोका, 26 से जवाब तलब
