रिश्वतखोरी के मामले में आरोपित लेखपाल निलंबित, उपजिलाधिकारी ने की कार्रवाई
श्रावस्ती, अमृत विचार : रिश्वतखोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जमुनहा तहसील में तैनात लेखपाल गोपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी जमुनहा ने गुरुवार को निलंबन आदेश जारी किया।
एसडीएम जमुनहा रवि प्रताप सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार लेखपाल गोपाल के खिलाफ 29 जुलाई को थाना सोनवा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
आदेश में कहा गया है कि प्रकरण की गंभीरता तथा निष्पक्ष जांच को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
बताया जा रहा है कि निलंबन अवधि के दौरान लेखपाल का मुख्यालय तहसील जमुनहा से संबद्ध किया गया है। उन्हें सक्षम अधिकारी के बिना इजाजत मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वे इस अवधि में किसी अन्य सेवा, व्यापार या व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं। एसडीएम द्वारा जारी इस आदेश की प्रति डीएम, एडीएम, प्रभारी अधिकारी भूलेख, वरिष्ठ कोषाधिकारी, तहसीलदार जमुनहा सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
बता दें कि लेखपाल गोपाल मौजूदा समय में अचरौरा शाहपुर क्षेत्र में कार्यरत हैं। इससे पहले वह बरदेहराभारी क्षेत्र में तैनात थे।
यह भी पढ़ें : ITI संस्थान : 4 हजार रुपये लेकर परीक्षा में नकल करा रहे थे प्रिंसिपल, 5 सॉल्वर समेत 11 लोग गिरफ्तार
