Pilibhit News : ईंट से भरी ट्राली पलटने से राजमिस्त्री की दबकर मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

देश नगर गौड़ी से अलीगंज मार्ग पर बिछाई जा रही थी इंटरलॉकिंग सड़क

पीलीभीत के अलीगंज में ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 45 वर्षीय राजमिस्त्री की दबकर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।

पीलीभीत, अमृत विचार। अलीगंज गांव में इंटरलॉकिंग सड़क बिछा रहा राजमिस्त्री के ईट से भरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली उसके ऊपर पलट गई। जिसके नीचे दबाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर काम कर रहे श्रमिक हादसा देखकर घबरा गए और किसी तरह उसे निकालकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां कोहराम मच गया। पुलिस ने किसी तरह परिवार को समझाने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेने के साथ चालक को भी हिरासत में ले लिया है।

सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव जंगरौली आशा निवासी 45 वर्षीय प्रेमचंद पुत्र गेंदनलाल पेशे से राजमिस्त्री है। वह शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज गांव में इंटरलॉकिंग सड़क बिछाने का काम कर रहे थे। शुक्रवार दोपहर में वहां दो हजार ईंटो से भरी एक ट्राली वहां पहुंची थी। ट्राली का एक टायर पंचर हो गया था, इसलिए चालक ने उसे सड़क किनारे रोककर ईंट उतारना शुरू कर दिया। मजदूरों ने जिस तरफ टायर पंचर था उसके दूसरी ओर से ईंट उतारने शुरू कर दी। इससे पंचर वाले पहिए की तरफ वजन अधिक हो गया। इसी बीच प्रेमचंद ईंट उठाने के लिए ट्राली के पास से निकले। अचानक ट्राली असंतुलित होकर प्रेमचंद पर पलट गई। ट्राली और पास की दीवार के बीच दबकर प्रेमचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। मजदूरों ने शोर सुनकर दौड़कर ट्राली को हटाया और उन्हें बाहर निकाला। साथी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही बढ़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए। शव देखकर परिजन बिलख उठे और चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की बात कही।

इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रॉली चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। पंचर ट्राली से ईंट उतारते समय संतुलन नहीं रखा गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : शराब के नशे में धुत बेटे ने पत्नी को पीटा, बचाने आए पिता को चाकुओं से गोदा; मौत

संबंधित समाचार