Dharmendra Pradhan Resignation: लखनऊ में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर राष्ट्रीय छात्र पंचायत का जश्न, हजरतगंज में बांटी मेलोडी टॉफ़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

लखनऊ, अमृत विचार। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। संगठन से जुड़े छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहगीरों के बीच मेलोडी टॉफ़ी बांटी और इसे छात्रों के लंबे संघर्ष का परिणाम बताया। इस दौरान छात्रों ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की और छात्र आंदोलन को लेकर अपनी भी बात रखी।

dharmendra-pradhan-resignation-lucknow-national-student-panchayat (4)
लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने मेलोडी टॉफी बांटकर खुशी जताई।

छात्रों की प्रतिक्रिया

राष्ट्रीय छात्र पंचायत के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्र लगातार अपनी आवाज उठा रहे थे। संगठन का दावा है कि देशभर के युवाओं की एकजुटता और लगातार बने दबाव के बाद यह फैसला सामने आया। छात्र नेताओं ने इसे युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी और संघर्ष की अहम उपलब्धि बताया।

dharmendra-pradhan-resignation-lucknow-national-student-panchayat (3)

संघर्ष का दावा

संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक घटनाक्रम नहीं है, बल्कि उन लाखों छात्रों की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा है, जिन्होंने विभिन्न माध्यमों से अपनी मांगों को उठाया। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग आगे भी जारी रहेगी। छात्र नेताओं ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि व्यवस्था में सुधार लाना है।

dharmendra-pradhan-resignation-lucknow-national-student-panchayat (2)

आगे की मांग

राष्ट्रीय छात्र पंचायत ने कहा कि इस्तीफे के बाद अब सरकार को परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और छात्रों का भरोसा मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। संगठन का कहना है कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही पूरी तरह सुनिश्चित नहीं होती, तब तक छात्रों की आवाज बुलंद रहेगी। वहीं, हजरतगंज चौराहे पर जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के बीच मेलोडी टॉफ़ी बांटकर अपनी खुशी साझा की और इसे छात्र एकजुटता की प्रतीकात्मक जीत बताया।

ये भी पढ़ें:- सत्ता के भूखे राजनीतिक दलों से सावधान रहें : प्रदर्शनकारी छात्रों से बोले राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी

संबंधित समाचार