बाराबंकी : दरियाबाद में विकास की नई तस्वीर, सड़कों, पुलों और फ्लाईओवर से बदली क्षेत्र की सूरत
विकास पाठक, बनीकोडर, बाराबंकी, अमृत विचार : कभी जाम, संकरी सड़कों और अधूरी विकास परियोजनाओं की समस्याओं से जूझने वाला दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र अब विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में कराए गए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों से आम लोगों की सुविधाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
विधानसभा क्षेत्र में हैदरगढ़ से भिटरिया तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। पहले सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे लोगों को घंटों परेशानी उठानी पड़ती थी। सड़क चौड़ीकरण के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार आया है और व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी पहले से आसान हुई है।
इसी तरह भीखरपुर पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है। पुराना पुल समय के साथ संकरा और अनुपयुक्त हो गया था, जिसके कारण आए दिन जाम की समस्या खड़ी होती थी। नए पुल के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है और दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आई है। दरियाबाद रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहा फ्लाईओवर क्षेत्र के विकास की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है।
रेलवे फाटक बंद होने के कारण लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी। फ्लाईओवर बनने के बाद इस समस्या से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है और यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, विद्युत, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक सतीश चंद्र शर्मा ने विकास को प्राथमिकता देते हुए वर्षों पुरानी जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास किए हैं। जनप्रतिनिधि के रूप में उनके प्रयासों का असर अब दरियाबाद की बदलती तस्वीर के रूप में दिखाई दे रहा है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति इसी तरह जारी रहेगी और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र जिले में विकास के एक बेहतर उदाहरण के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।
वर्जन-
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' की नीति पर काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ हर क्षेत्र तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनता विकास कार्यों को सराह रही है और दावा किया कि 2027 में फिर से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनेगी।
यह भी पढ़ें : बाराबंकी : राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने लघु सेतु का किया लोकार्पण, यातायात को मिलेगी रफ्तार
