Ballia News : प्रेम संबंधों की कीमत मौत! युवक की आत्महत्या के मामले में पत्नी और प्रेमी सलाखों के पीछे
बलिया जीआरपी की कार्रवाई; युवक की मौत के मामले में पत्नी और उसके कथित प्रेमी को भेजा गया जेल
बलिया जीआरपी ने एक युवक को आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के आरोप में उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक ने दोनों की तस्वीरें और वीडियो देखने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी थी।
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने एक युवक को आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के आरोप में उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जीआरपी के अनुसार, शनिवार को बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से बैरिया थाना क्षेत्र के बदुरहा टोला निवासी मनीष यादव (27) और सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो के पश्चिमी छोर से संजू देवी (27) को गिरफ्तार किया गया।
प्रेम संबंध की बात पूछताछ में स्वीकार
जीआरपी थाना प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि मऊ जिले के सराय लखंसी थाना क्षेत्र के कुसमौर गांव निवासी मनोज बांसफोर (30) का विवाह संजू देवी से हुआ था। शादी के बाद संजू देवी के मनीष यादव से कथित प्रेम संबंध हो गए और वह अधिकतर समय अपने मायके में रहने लगी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान संजू देवी ने मनीष यादव के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की।
फोटो और वीडियो देखने के बाद की आत्महत्या
जीआरपी का आरोप है कि मनोज बांसफोर ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की तस्वीरें और वीडियो देखने के बाद ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। उसका शव बैरिया थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मिला था।
जांच जीआरपी को सौंपी गई
शुरुआत में बैरिया थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। बाद में मामले की विवेचना राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) बलिया को सौंप दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
