Bareilly News : दो सरकारी स्कूलों पर 12 लाख से ज्यादा गृह-जलकर बकाया, नगर निगम ने थमाया बिल
ब्याज बढ़ता जा रहा मगर नहीं टूट रही नींद, दो परिषदीय विद्यालयों पर है भारी बकाया
नगर निगम ने दो परिषदीय विद्यालयों को 12 लाख रुपये से अधिक का गृह-जलकर बिल जारी किया है। निगम के अनुसार, कई वर्षों से कर जमा न होने के कारण ब्याज भी जुड़ता गया। अधिकारियों का कहना है कि कर निर्धारण नियमानुसार किया गया है और किसी प्रकार की आपत्ति होने पर संबंधित विभाग अपना पक्ष रख सकता है।
बरेली, अमृत विचार : नगर निगम ने दो परिषदीय विद्यालयों को लाखों रुपये के गृह-जलकर का बिल जारी किया है। दोनों विद्यालयों पर कुल 12 लाख रुपये से अधिक का बकाया बताया गया है, जिसमें कई वर्षों का ब्याज भी शामिल है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, किशोर मार्केट, बिहारीपुर सिविल लाइंस स्थित प्राइमरी स्कूल पर 4.73 लाख रुपये तथा पुलिस स्कूल पर 7.55 लाख रुपये का गृह-जलकर बकाया है। इस तरह दोनों विद्यालयों पर कुल देनदारी 12 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई है।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि कर देय था तो वर्षों तक उसका भुगतान क्यों नहीं किया गया। वहीं, यदि संबंधित विभाग कर में छूट का पात्र था, तो समय रहते नगर निगम के समक्ष दावा क्यों नहीं किया गया। समय पर प्रक्रिया पूरी होने पर ब्याज का अतिरिक्त बोझ भी नहीं पड़ता।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पी.के. द्विवेदी ने कहा कि गृह-जलकर का निर्धारण नियमों के अनुसार किया गया है और बकाया राशि की वसूली भी नियमानुसार होगी। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विभाग को कर छूट या अभिलेखों के संबंध में कोई आपत्ति है तो वह अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।
