Hardoi News: बैंक मैनेजर के बचाव में उतरी पत्नी, डांस वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज कराई FIR, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हरदोई। सोशल मीडिया पर बैंक मैनेजर का वीडियो वायरल होने के काफी दिनों बाद उनकी पत्नी ने अपने पति के बचाव में कदम उठाया है। पत्नी ने पुलिस को तहरीर देते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि उनके पति के ऊपर लोन पास कराने का अनुचित दबाव बनाया गया था। जब लोन पास नहीं हुआ, तो मैनेजर को बदनाम करने की नीयत से एक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या था पूरा मामला?

गौरतलब है कि बीते 13 मई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक व्यक्ति बिल्कुल रजवाड़े (शाही) अंदाज़ में बैठा हुआ नजर आ रहा था और उसके सामने एक डांसर ठुमके लगा रही थी। वीडियो के साथ यह दावा किया गया था कि कुर्सी पर बैठा शख्स बिलग्राम शाखा के एक बैंक का मैनेजर है।

पत्नी ने तहरीर में लगाए गंभीर आरोप

वीडियो वायरल होने के बाद, कोतवाली शहर के लक्ष्मी विहार निवासी श्रीमती विनय (पत्नी सत्यप्रकाश गौतम) ने पुलिस को लिखित तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने बताया कि उनके पति केनरा बैंक की बिलग्राम शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रसंग त्रिवेदी, अरविंद तिवारी, चंदन शर्मा और दिलीप करौंदी नाम के व्यक्ति उनके पति पर लोन पास कराने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। जब मैनेजर ने दबाव मानने से इनकार कर दिया, तो नवंबर 2025 में उनका एक वीडियो बना लिया गया और बाद में 13 मई 2026 को उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

परिवार झेल रहा है मानसिक प्रताड़ना

श्रीमती विनय का कहना है कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद से समाज में उनकी काफी बदनामी हुई है। स्थिति यह हो गई है कि उन्हें घर से निकलने तक में झिझक महसूस होती है, और लोग उन्हें व उनकी बेटी को ताने मार रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

श्रीमती विनय की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सब-इंस्पेक्टर (SI) वासु कुमार को सौंपी गई है।

ये भी पढ़ें : 
Kannauj News : आंगनबाड़ी भर्ती में बड़ा खेल, कंप्यूटर प्रिंटेड पत्र पर पेन से काटकर बदली जा रही तारीखें

संबंधित समाचार