Lakhimpur Kheri : उचौलिया लूटकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया आरोपी, लूटा गया सामान, तमंचा और बाइक बरामद, साथी फरार
उचौलिया, अमृत विचार। उचौलिया थाना क्षेत्र में 12 जून को हुई दिनदहाड़े लूट की घटना में फरार चल रहे शातिर बदमाश को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। आरोपी के खिलाफ उन्नाव, खीरी, हरदोई और शाहजहांपुर जनपदों में लूट, चोरी समेत विभिन्न अपराधों के कुल 19 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
घायल और गिरफ्तार बदमाश उन्नाव जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के सदखेड़ा निवासी 45 वर्षीय अरुणेश दीक्षित उर्फ गुड्डू उर्फ रामनरेश उर्फ बलराम है। इस पर उन्नाव, खीरी, हरदोई और शाहजहांपुर जनपदों में विभिन्न वारदातों के कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान अरुणेश ने अपने फरार साथी का नाम सुनीत द्विवेदी उर्फ प्रद्युन पुत्र मुलई उर्फ मूलचंद निवासी बरेला थाना मझिला जनपद हरदोई बताया। अरुणेश ने स्वीकार किया कि वे दोनों कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
उसने उचौलिया थाना क्षेत्र में 12 जून को हुई लूटपाट को भी स्वीकार किया जो शाहजहांपुर जिले के पुवांया थाना क्षेत्र के नेवादा सोनबरसा निवासी विशाल सिंह पुत्र प्रदीप कुमार के साथ हुई थी। उचौलिया थाना क्षेत्र में सरैयां शारदा नहर पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसकी बाइक रोककर दोनों बदमाशों ने मारपीट कर उनका मोबाइल फोन, तीन हजार रुपये नकद और हेलमेट लूट लिया था। प्रभारी निरीक्षक गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि यह मुठभेड़ थाना क्षेत्र के गांव सेंडा के पास रात में हुई।
मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने बदमाशों की बाइक रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की चलाई गई गोली अरुणेश के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश का दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के पास से लूटा गया माल, नकदी, मोबाइल फोन, असलहा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को इस प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी पसगवां भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
