Kanpur News: जापान से कानपुर के निर्यातकों को 25 करोड़ के शुरुआती ऑर्डर, लेदर और फैशन उत्पादों की बढ़ी मांग
जापान में आयोजित इंडिया फैशन एंड लाइफ स्टाइल शो ने कानपुर के निर्यातकों के लिए नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खोल दिए हैं। शहर के निर्यातकों को इस आयोजन के जरिए करीब 25 करोड़ रुपये के शुरुआती निर्यात ऑर्डर मिले हैं।
कानपुर, अमृत विचार। जापान में आयोजित इंडिया फैशन एंड लाइफ स्टाइल शो ने कानपुर के निर्यातकों के लिए नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खोल दिए हैं। शहर के निर्यातकों को इस आयोजन के जरिए करीब 25 करोड़ रुपये के शुरुआती निर्यात ऑर्डर मिले हैं। इनमें सबसे अधिक मांग लेदर, फैशन और लाइफस्टाइल उत्पादों की रही है। निर्यातकों का मानना है कि आने वाले महीनों में यह कारोबार कई गुना बढ़ सकता है।
जापान में 17 से 19 जून के बीच आयोजित इंडिया फैशन एंड लाइफ स्टाइल शो में देशभर के निर्यातकों के साथ कानपुर के उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में जापानी बाजार की पसंद और जरूरतों के अनुरूप उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिन्हें वहां के खरीदारों ने काफी सराहा।
लेदर उत्पादों को मिली सबसे अधिक पसंद
प्रारंभिक चरण में मिले ऑर्डरों में लेदर सेक्टर का दबदबा रहा। जापानी खरीदारों ने लेदर जैकेट, बैकपैक, बिजनेस बैग, ट्रैवल बैग, पर्स, पार्टी शूज़, स्पोर्ट्स शूज़ और बिजनेस शूज़ सहित कई उत्पादों के ऑर्डर दिए हैं। इसके अलावा होजरी उत्पादों के लिए भी मांग सामने आई है।
एफटीए से बढ़ेंगी कारोबार की संभावनाएं
भारत और जापान के बीच लागू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का लाभ भी कानपुर के निर्यातकों को मिल रहा है। कई उत्पादों के सैंपल जापानी खरीदार पहले ही पसंद कर चुके हैं, जिससे आने वाले समय में करोड़ों रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIEO) के उत्तर प्रदेश प्रमुख आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि जापान में आयोजित यह शो प्रदेश और देश के निर्यातकों के लिए बेहद लाभदायक साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी फियो की ओर से निर्यातकों को ऐसे अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में भागीदारी दिलाने की योजना है।
टैरिफ और वैश्विक हालात के बीच सकारात्मक संकेत
निर्यात विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता, युद्ध जैसे हालात और अमेरिका की टैरिफ नीतियों के बीच जापान से मिले ऑर्डर भारतीय निर्यातकों के लिए सकारात्मक संकेत हैं। इससे स्पष्ट है कि जापानी बाजार में भारतीय उत्पादों की स्वीकार्यता बढ़ रही है और निर्यात में तेजी आने की संभावना है।
जापानी खरीदारों से लगातार संपर्क
शहर के कई निर्यातक जापान के बड़े खरीदारों के संपर्क में हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही अन्य कंपनियों को भी बड़े ऑर्डर मिलेंगे। उद्योग जगत का अनुमान है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में केवल जापान को कानपुर से होने वाला निर्यात 600 करोड़ रुपये से बढ़कर 900 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
