पीलीभीत में CM योगी का दौरा: विपक्ष के कई नेता नजरबंद, बरखेड़ा में 500 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की देंगे सौगात

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज-सोमवार को पीलीभीत के दौरे पर हैं। बरखेड़ा विधानसभा के पतरासा कुंवरपुर में उनकी जनसभा है। मुख्यमंत्री यहां 66 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे, जिनकी लागत करीब 569.11 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री बंगाली समुदाय और पूर्वांचल के करीब 4,693 परिवारों को भूमि का मालिकाना हक भी सौंपेंगे। इस दौरान बंगाली समुदाय के 106 नागरिकों को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र भी प्रदान करेंगे। 

मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:20 बजे बरखेड़ा पहुंचेंगे। हेलीपैड से 11:30 बजे जनसभा स्थल आएंगे। सीएम के दौरे को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। डीएम और एसपी से लेकर अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा-व्यवस्था का खाका खींचा है। 

विपक्ष के नेता नजरंबंद 

सीएम के दौरे के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने विपक्ष के कई नेताओं को नजरबंद किया है। सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा से लेकर सपा के कई नेता शामिल हैं। कांग्रेस और अन्य दलों के नेताओं को भी नजरबंद किया गया है। 

गन्ना भुगतान को लेकर विरोध 

गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की मांग उठा रहे कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार को भी रविवार रात से उनके आवास पर पुलिस की निगरानी में रखा गया। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय, पूरनपुर के जिला पंचायत सदस्य संजय खान, समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष आशा वर्मा, बरखेड़ा क्षेत्र के सपा नेता शांति स्वरूप तथा पूरनपुर के धनवंतरी को भी पुलिस ने घरों पर रोक रखा। आशा वर्कर यूनियन की अध्यक्ष इदरीसन के आवास पर भी पुलिस पहुंचने की सूचना है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस-प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल खलबली मची रही।

सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने कहा कि ये लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास है। मुख्यमंत्री जी के दौरे को लेकर सुबह 4 बजे से ही पुलिस ने मुझे हाउस अरेस्ट कर लिया, ताकि मैं आमजन की आवाज न उठा सकूं। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता के मुद्दे और उनके अधिकारों की लड़ाई न रुकी थी न आगे रुकेगी।

यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा विवाद : SIT की 15 दिन की समय सीमा आज समाप्त, स्वामी गोविंदानंद बोले- अविमुक्तेश्वरानंद पर हो एफआईआर

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज