Bareilly News : नगर आयुक्त ने जानी सीएम ग्रिड और नाला सफाई की प्रगति
मानसून से पहले जलभराव मुक्त शहर बनाने के निर्देश
बरेली, अमृत विचार। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने सोमवार को अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत सड़कों के कायाकल्प और विभिन्न वार्डों में जारी नाला सफाई अभियान की समीक्षा की।
नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश से पहले शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सिल्ट सफाई शत-प्रतिशत पूरी हो जानी चाहिए। मुख्य अभियंता और जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशील इलाकों का खुद निरीक्षण करें और जहां भी काम की गति धीमी है, वहां अतिरिक्त लेबर लगाकर काम में तेजी लाएं। जूनियर इंजीनियरों से कहा कि वे केवल ऊपर-ऊपर की सफाई देखकर रिपोर्ट तैयार न करें। नालों के अंदर बांस डालकर देखें कि तली से सिल्ट वास्तव में निकली है या नहीं। सीएम ग्रिड योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी भी वार्ड या मुख्य मार्ग पर काम में लापरवाही या घटिया सामग्री के उपयोग पर ठेकेदार और निगरानी कर रहे इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
