Lucknow Fire Tragedy : अलीगढ़ दौरा छोड़ लौटे सीएम योगी, पीएम मोदी ने जताया दुःख; 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में संचालित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में कम से कम 15 छात्रों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ का आधिकारिक दौरा बीच में ही छोड़कर तुरंत राजधानी लखनऊ लौट आए हैं।
अलीगढ़ दौरा छोड़ लखनऊ पहुंचे सीएम योगी, पीएम मोदी ने जताया दुख
हादसे की भयावहता की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द कर दिया। वह अलीगढ़ का अपना दौरा बीच में ही छोड़कर फौरन लखनऊ वापस लौटे हैं।
उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में आयोजित लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसमूह से कहा, ''मेरी इच्छा थी कि यहीं रहूं लेकिन अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है और कुछ बच्चे अग्निकांड की चपेट में आए हैं। इसमें कुछ बच्चों की दुखद मौत हो गई है। प्रशासन राहत कार्यों में लगा है। मुझे भी इस दुखद घटना के कारण तत्काल वापस लखनऊ जाना पड़ रहा है।''
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, ''लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2069023413507875318?s=20
सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस भीषण अग्निकांड पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपये मुआवजा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तीन मंजिला एक व्यावसायिक भवन में आग लगने से कम से कम 12 छात्रों की मौत पर गहरा दुख जताया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता की भी घोषणा की।
https://twitter.com/PMOIndia/status/2069025589001146711?s=20
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। बचाव कार्य जारी है और अधिकारी हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।'' गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक तीन मंजिला व्यावसायिक भवन में आग लगने से कम से कम 12 छात्रों की मौत हो गई। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यह जानकारी दी।
ताला बंद होने और झज्जे से कूदने की आ रही थीं खबरें
गौरतलब है कि इस तीन मंजिला इमारत में आग लगने के बाद अंदर अफरातफरी का माहौल बन गया था। ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा था कि ऊपरी मंजिल पर कोचिंग का ताला बंद होने के कारण कई छात्र समय रहते बाहर नहीं निकल पाए। अपनी जान बचाने की हताशा में कुछ बच्चों ने इमारत के झज्जे (रेलिंग) से नीचे छलांग भी लगाई थी। फिलहाल, दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर मुस्तैद हैं और राहत व बचाव कार्य के साथ-साथ आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
बचाव टीम ने आग लगने के दौरान प्रभावित इमारत तक पहुंचने के लिए बगल की इमारत में दो बड़े छेद किए थे। प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और लखनऊ पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सेंगर समेत वरिष्ठ अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों को भी तैनात किया गया। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटना की जानकारी मिलते ही अलीगढ़ का दौरा बीच में ही छोड़कर राज्य की राजधानी लौट आए हैं।
ये भी पढ़ें :
पापा मुझे बचा लो...लखनऊ कोचिंग सेंटर आग की डरावनी कहानी, 14 दमकल गाड़ियां, आग की लपटें और जान बचाने की जद्दोजहद
