Share Market Closed: कच्चे तेल में गिरावट से शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 291 अंक उछला, निफ्टी 24,100 के पार
मुंबई। वैश्विक बाजार से मिले सकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी के चलते सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में शानदार तेजी लौट आई। पिछले सत्र की भारी गिरावट से उबरते हुए भारतीय बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई (BSE) का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 291.17 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,094.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 522.66 अंक तक उछलकर 77,325.56 के स्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का सूचकांक निफ्टी भी 89.80 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 24,102.90 अंक के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा।
इन कारणों से बाजार को मिला सहारा
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, आज की तेजी के पीछे मुख्य रूप से निम्नलिखित कारण रहे:
कच्चे तेल में नरमी
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.23 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे बाजार को बड़ी राहत मिली।
अमेरिका-ईरान वार्ता
अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत के पहले दौर से सकारात्मक संकेत मिले हैं, जिसने वैश्विक निवेशकों की धारणा को मजबूत किया। दिग्गज शेयरों में खरीदारी: रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे भारी वजन वाले शेयरों में लिवाली आने से इंडेक्स को ऊपर चढ़ने में मदद मिली। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ओर से लगातार जारी खरीदारी ने भी बाजार को सपोर्ट किया।
टॉप गेनर्स और लूजर्स शेयर
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में आज टेक महिंद्रा, सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे ज्यादा मुनाफा देखा गया और ये बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी तरफ, बिकवाली के दबाव के चलते एशियन पेंट्स, टाइटन, पावर ग्रिड और ट्रेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और ये लाल निशान पर बंद हुए।
वैश्विक बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट मजबूती के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा। वहीं यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। गौरतलब है कि इससे पिछले सत्र में (शुक्रवार को) शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई थी, जहां सेंसेक्स 607 अंक और निफ्टी 154 अंक टूटकर बंद हुआ था।
